Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Flipkart के Big Billion Days को जिस CEO ने किया पॉपुलर, अब दे दिया इस्तीफा; 11 साल के सफर पर क्या बोले कृष्णमूर्ति

INT News25 November 2026 at 05:55 pm

कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल से अधिक समय तक फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ( Flipkart CEO Resign ) के पद पर रहने के बाद अब इस पद से हट रहे हैं. कंपनी ने बुधवार को इसकी घोषणा की. E-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने बताया कि आने वाले हफ्तों में उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा की जाएगी.

फ्लिपकार्ट में कृष्णमूर्ति की जगह कौन संभालेगा जिम्मेदारी

फ्लिपकार्ट में जब तक नए CEO का एलान नहीं होता तब तक बालाजी त्यागराजन और कंपनी का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स नेतृत्व की जिम्मेदारियां संभालेंगे.

कंपनी ने एक बयान में कहा कि त्यागराजन फिलहाल फ्लिपकार्ट में चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे हैं. फ्लिपकार्ट ने बताया कि कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में कंपनी का कारोबार पांच गुना से ज्यादा बढ़ा और भारत की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच इसकी स्थिति और मजबूत हुई.

कंपनी ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान, ‘द बिग बिलियन डेज़’ भारत में त्योहारी सीजन की खरीदारी का पर्याय बन गया. इस दौरान, फ्लिपकार्ट ने कई नई पहल शुरू कीं और पूरे देश में अपनी पहुंच का विस्तार किया.

वॉलमार्ट इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने कहा, "कल्याण की बदौलत, फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट दोनों ही बेहतर स्थिति में हैं. हम उनके नेतृत्व, उनके द्वारा स्थापित मजबूत कॉर्पोरेट गवर्नेंस और उनके योगदान के लिए आभारी हैं. हम उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं."

कंपनी से 11 साल बाद विदाई पर क्या बोले कृष्णमूर्ति?

कृष्णमूर्ति ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि कंपनी का कारोबार इतने बड़े स्तर तक पहुँच गया है, लेकिन उन्हें इस बात पर भी उतना ही गर्व है कि यह उपलब्धि किस तरह हासिल की गई.

उन्होंने कहा, "मजबूत नैतिक मूल्य, ईमानदारी और सुशासन के उच्च मानक फ्लिपकार्ट की प्रगति के मूल आधार रहे हैं. हमारी टीम ने लाखों भारतीयों के खरीदारी करने के तरीके को बदलने में मदद की है. इससे ग्राहकों के लिए विकल्प बढ़े हैं और पूरे देश में विक्रेताओं, उद्यमियों तथा व्यवसाय मालिकों के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं."

यह भी पढ़ें- LPG Cylinder New Rules: बंद हो जाएगी गैस सिलेंडर सब्सिडी! 1 दिसंबर से पहले जान लें ये 7 जरूरी नियम