समाचार · पंजाब
अमृतपाल की पार्टी के प्रधान को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोका:बोले- 4 घंटे हो गए, छोटे कमरे में रखा, पंजाब जाने वाली ट्रेन भी छूटी
‘वारिस पंजाब दे’ के तरनतारन जिला प्रधान चमकौर सिंह को दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को रोके लिया। चमकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि वह इंग्लैंड से दिल्ली पहुंचे थे। उनकी फ्लाइट करीब 11:15 बजे लैंड हुई, जिसके बाद करीब 11:30 बजे इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। चमकौर सिंह के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ में बंदी सिखों और भाई अमृतपाल सिंह खालसा की रिहाई को लेकर 28-29 तारीख को हुए प्रदर्शन के संबंध में उनके खिलाफ केस दर्ज है। इसी मामले के चलते उन्हें एयरपोर्ट पर रोके जाने की बात कही गई। उन्होंने बताया कि करीब 4 से साढ़े 4 घंटे बीत चुके हैं। उनकी पंजाब जाने वाली ट्रेन भी छूट गई। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की टीम दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चमकौर सिंह ने आशंका जताई कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक छोटे कमरे में रखा गया है और बाहर जाते समय सुरक्षाकर्मी उनके साथ रहते हैं। उन्होंने पंजाब सरकार पर ज्यादती करने का आरोप लगाया और कहा कि वह अपने खिलाफ दर्ज मामलों से डरने वाले नहीं हैं। साथ ही उन्होंने समर्थकों से वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की।