Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सरगुजा में डीईओ ने बीईओ को थमाया कारण बताओ नोटिस:टीचर्स एसोसिएशन ने की शिकायत, मेडिकल, अवकाश स्वीकृति के लिए पैसे मांगने का आरोप

INT News26 September 2026 at 07:57 pm

सरगुजा के सीतापुर बीईओ के खिलाफ शिक्षकों के सेवा संबंधी कार्यों के एवज में कथित रूप से पैसे मांगने और जानबूझकर प्रकरणों को लंबित रखने की शिकायत की गई है। शिकायत के बाद सरगुजा डीईओ ने सीतापुर बीईओ संतोष कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने बीईओ संतोष कुमार सिंह की शिकायत सरगुजा कलेक्टर एवं डीईओ से की है। शिकायत में एसोसिएशन ने बीईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिक्षकों से अर्जित अवकाश एवं मेडिकल अवकाश की स्वीकृति तथा वेतन भुगतान जैसे मामलों को लंबित रखने और कथित तौर पर राशि की मांग किए जाने का उल्लेख किया है। शिकायत में कुछ शिक्षकों के अवकाश आवेदन एवं मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र कार्यालय से गायब होने, आवक-जावक में आवेदन लेने से मना करने तथा परीविक्षा अवधि पूरी होने के बाद पात्र शिक्षकों के नियमितीकरण प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजने में अनावश्यक देरी की शिकायत भी की गई है। एसोसिएशन ने सर्विस बुक संधारण और जीपीएफ पासबुक, अभिलेखों के अद्यतन में भी कथित रूप से देरी एवं राशि मांगने के आरोप लगाए गए हैं। डीईओ ने थमाया नोटिस, मांगा स्पष्टीकरण सरगुजा डीईओ दिनेश कुमार झा ने शिकायत मिलने पर सीतापुर बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीईओ ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि इस प्रकार का आचरण कार्यालयीन कार्यों में किया जा रहा है तो यह गंभीर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम के विपरीत है। बीईओ को सभी आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। टीचर्स एसोसिएशन ने की जांच की मांग टीचर्स एसोसिएशन के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने ने डीईओ द्वारा नोटिस देने की कार्रवाई को अपर्याप्त बताया है। एसोसिएशन ने मांग रखी है कि शिकायतों की जांच की जानी थी। यदि बीईओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो बीईओ कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।