Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

13 लाख का MD ड्रग्स और डोडाचूरा पकड़ा:मंदसौर में सप्लाई देने राजस्थान बॉर्डर से आ रहे 5 तस्कर गिरफ्तार

INT News26 September 2026 at 07:52 pm

नीमच जिले की बघाना थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात अरनिया फटा आमरोड पर घेराबंदी कर राजस्थान बॉर्डर से नशा लेकर आ रहे 5 तस्करों को पकड़ लिया। पुलिस ने तस्करों के पास से करीब 13 लाख की 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा जब्त किया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 2 बाइक और 5 महंगे मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग 15 लाख की बताई जा रही है। बघाना थाना प्रभारी पुष्पासिंह चौहान ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर रामकिशन सिघावत को खबर मिली थी कि शहर के 5 युवक राजस्थान के छोटीसादड़ी रोड से नशे की खेप लेकर आ रहे हैं। वे इस माल को मंदसौर के रहने वाले अपने साथी अफजल को देने की फिराक में थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रास्ते में नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में दो बाइकों पर सवार 5 संदिग्ध आते दिखे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर सभी को धर दबोचा। ये आरोपी हुए गिरफ्तार, मंदसौर सप्लाई होना था माल पकड़े गए आरोपियों में स्कीम नंबर 8 का इस्माईल (25 वर्ष), रामअवतार कॉलोनी का पवन चौहान (20 वर्ष), शक्तिनगर का कुशाल धनकानी (20 वर्ष), बालाजी धाम का क्रिश (20 वर्ष) और बाबारामदेव मंदिर के पास का नाजिम हुसैन (23 वर्ष) शामिल हैं। तलाशी में बाइक पर बंधे प्लास्टिक की बोरी से एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि यह माल मंदसौर (नाका नंबर 4) के रहने वाले अफजल को पहुंचाना था। पुलिस ने पकड़े गए पांचों आरोपियों और फरार साथी अफजल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार अफजल की तलाश कर रही है।