समाचार · छत्तीसगढ़
संकरी नदी के तेज बहाव में बह गया प्रधानमंत्री आवास,VIDEO:कबीरधाम में लगातार बारिश से जलस्तर बढ़ा, बुजुर्ग महिला का घर ढहा
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में लगातार हो रही बारिश से संकरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी का पानी बढ़ने के कारण अमरौड़ी गांव में नदी किनारे बना एक प्रधानमंत्री आवास तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पक्का मकान पूरी तरह ढह गया और नदी में बह गया। मकान के बहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस प्रधानमंत्री आवास में एक बुजुर्ग महिला रहती थी। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण नदी का पानी लगातार बढ़ रहा था। इसी दौरान आज सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच मकान अचानक गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। पहले ही खाली करा लिया था मकान हालांकि, नदी का पानी बढ़ने की आशंका को देखते हुए मकान को पहले ही खाली करा लिया गया था। इसलिए जब मकान तेज बहाव की चपेट में आया, उस समय अंदर कोई मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव के आसपास के कुछ अन्य मकानों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। ग्रामीणों ने समय रहते सावधानी बरती, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दोपहर बाद बारिश रुकने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि नदी का जलस्तर और आसपास के हालात पर अभी भी नजर रखी जा रही है।