Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई:विधायक निखिल मदान ने पौष्टिक थाली वितरित की, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

INT News26 September 2026 at 07:51 pm

सोनीपत में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। जनता कॉलोनी में हुए इस कार्यक्रम में सोनीपत विधायक निखिल मदान मुख्य अतिथि रहे। विधायक मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण, मातृ स्वास्थ्य और बच्चों के विकास को महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की गई। उन्हें पौष्टिक थाली भेंट कर संतुलित आहार और नियमित जांच के लिए जागरूक किया गया। महिलाओं और बच्चों को फल व मिठाइयां भी बांटी गईं। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर देखभाल का संदेश दिया गया। विधायक ने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा और सशक्त परिवार ही विकसित भारत की नींव हैं। रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। महिलाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, पोषण, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता जैसे संदेश भी प्रस्तुत किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित इस दौरान विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ एवं आशा वर्करों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर गांव एवं कॉलोनी स्तर पर महिलाओं तथा बच्चों तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में सीडीपीओ गीता गहलावत सहित सभी सुपरवाइजर, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।