समाचार · उत्तर प्रदेश
बाइक है भाई या मकान?’ अखिलेश यादव के तंज पर राजभर का पलटवार, सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी बहस

UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए बाइक पर पूरे परिवार और सामान के साथ सफर करने को लेकर सवाल उठाया. इसके बाद ओपी राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए उन्हें कई मुद्दों पर घेरा.
अखिलेश के पोस्ट पर राजभर का पलटवार
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में बाइक पर सवार एक परिवार का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सपरिवार और पूरा सामान, बाइक है भाई या मकान? सीमित रहें, सुरक्षित रहें! ”वीडियो में एक बाइक पर कई लोग सवार दिखाई दे रहे हैं. बाइक पर बड़ी मात्रा में सामान भी लदा हुआ है. वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और इसे लेकर लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
‘विपक्ष में रहकर कोई मुद्दा तो रह नहीं गया’
अखिलेश यादव के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने लिखा, “मित्र अखिलेश जी, विपक्ष में रह कर आपके पास उठाने के लिए कोई मुद्दा तो रह नहीं गया है, इसलिए आप मसखरेपन पर आ गए हैं. खैर, मुद्दा मिल भी नहीं पाएगा.” उन्होंने आगे सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा, “ग़रीब से लेकर महिलाओं तक और किसान से लेकर नौजवान तक की चिंता का काम सरकार कर रही है. अपराधियों को जहां होना चाहिए, वहां भेजा जा रहा है. हफ़्ता वसूलने वाले अब सिर्फ़ आपकी रैलियों और सभाओं में ही दिखाई देते हैं.”
राजभर ने ‘लोडर चेले’ कहकर भी साधा निशाना
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया के जरिए भी तंज कसा. उन्होंने लिखा, “परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी, पार्टी ऑफ़ डोमिनेटिंग अखिलेश के मुखिया के तौर पर आप कुछ पोस्ट कर दें, आपके लोडर चेले वाह वाह करेंगे और आप ख़ुश होंगे. दिल बहलाने के लिए ये तरीक़ा बढ़िया है.” इसके बाद उन्होंने अखिलेश की सोशल मीडिया सक्रियता पर टिप्पणी करते हुए कहा, “अब आपकी आदत एसी में बैठक ट्वीट करने की है तो जो मिले वही पोस्ट कर रहे हैं. कीजिए, अच्छा है. कहिएगा तो कुछ फनी वीडियो हम अपने युवा कार्यकर्ताओं से कह कर आपको भिजवा देंगे. पोस्ट करते रहिएगा.” पोस्ट के अंत में ओपी राजभर ने लिखा, “जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव”
अखिलेश के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की भी प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के पोस्ट किए गए वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा से जोड़कर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने वीडियो के जरिए सरकार और व्यवस्था पर भी टिप्पणी की. वहीं, ओपी राजभर के पोस्ट पर भी कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ टिप्पणियों में राजभर की आलोचना की गई, तो कुछ लोगों ने उनके राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए.
कमेंट सेक्शन में भी छिड़ी सियासी बहस
ओपी राजभर के ट्वीट पर एक यूजर ने लिखा, “कुछ तो शर्म कीजिए ओम प्रकाश जी या बेचकर खा गए हैं.” एक अन्य टिप्पणी में राजभर पर अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया गया. इसी तरह एक यूजर ने ओपी राजभर के परिवार और उनके बेटों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की. वहीं एक अन्य कमेंट में 15 अगस्त के बाद शराब की दुकानें खुलने का जिक्र करते हुए राजभर पर तंज कसा गया. इन टिप्पणियों में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
अखिलेश-राजभर के बीच लगातार बढ़ रही बयानबाजी
अखिलेश यादव और ओपी राजभर के बीच सोशल मीडिया पर यह जुबानी तकरार यूपी की सियासत में दोनों नेताओं के बीच जारी राजनीतिक खींचतान को भी दिखाती है. एक तरफ अखिलेश यादव सरकार पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर निशाना साधते हैं, तो दूसरी तरफ ओपी राजभर उनके पोस्ट और बयानों पर पलटवार करते नजर आते हैं.
यह भी पढ़ें: UP में रात के अंधेरे में कौन कर रहा शिकार? बकरी-नीलगाय के शव मिले, जंगल में दिखा खतरनाक जानवर