समाचार · हरियाणा
रतिया में चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार:साथी पहले पकड़ा जा चुका, घर से जेवर और गैस सिलेंडर ले गए थे
फतेहाबाद जिले के रतिया में थाना सदर पुलिस ने चोरी के एक मामले में एक और सह-आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान फतेहाबाद जिले के गांव अलीका निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ काली के रूप में हुई है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है, एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है। थाना सदर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक शीशपाल ने बताया कि यह मामला गांव अलीका निवासी सन्नी कुमार पुत्र स्व. दर्शन सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। सन्नी कुमार ने पुलिस को बताया था कि 13 मई 2026 को वह अपने परिवार के साथ सिरसा स्थित रिश्तेदारी में गए थे। घर का ताला टूटा हुआ मिला 14 मई को जब वे वापस लौटे, तो उनके घर का ताला टूटा हुआ मिला। घर की जांच करने पर रसोई में रखा भारत गैस का सिलेंडर और सोने की दो छोटी बालियां गायब मिलीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर थाना सदर रतिया में धारा 331(3), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इस वारदात में नरेंद्र सिंह उर्फ काली की संलिप्तता पाई, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। मामले की आगामी जांच जारी है।