Sunday, 16 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सरकारी अस्पताल की टॉयलेट में 5 माह का भ्रूण मिला:रतलाम के MCH में लापरवाही; जिम्मेदार एक-दूसरे पर टालते रहे, पुलिस ने दफनाया

INT News16 August 2026 at 03:54 pm

रतलाम के सरकारी अस्पताल की मदर चाइल्ड केयर यूनिट (MCH) के ग्राउंड फ्लोर पर लेबर रूम के पास बने टॉयलेट में शनिवार शाम करीब 6.15 बजे पांच माह की बालिका का भ्रूण मिला। टॉयलेट सीट में बच्चे के पैर दिखाई देने पर अस्पताल स्टाफ को सूचना दी गई, जिसके बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भ्रूण बरामद कर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम में भ्रूण करीब पांच माह का पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसकी नाल भी कटी हुई नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि कोई व्यक्ति भ्रूण को टॉयलेट में छोड़कर गया होगा। हालांकि, यह संभावना भी जांच में है कि किसी महिला को अस्पताल के टॉयलेट में अचानक प्रसव हुआ हो। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। CCTV फुटेज और स्टाफ से पूछताछ होगी

घटना के समय अस्पताल में मौजूद स्टाफ से पुलिस जानकारी जुटा रही है। साथ ही अस्पताल परिसर के CCTV फुटेज मांगे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण टॉयलेट तक कैसे पहुंचा। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। जिम्मेदार अधिकारियों को घटना की जानकारी नहीं

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। MCH प्रभारी डॉ. आरसी डामोर ने बताया कि वे बाल चिकित्सालय के प्रभारी हैं और इस संबंध में MCH के SNCU प्रभारी डॉ. प्रतीक आर्य से बात करने को कहा। वहीं डॉ. आर्य ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया। जानकारी के अनुसार, भ्रूण मिलने के समय डॉ. सुनीता गामड़ की ड्यूटी थी। अब विभाग की ओर से भी पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है। पुलिस बोली- सभी पहलुओं की जांच जारी

सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह ने बताया कि करीब पांच माह का भ्रूण मिला है। अस्पताल के CCTV फुटेज देखे जाएंगे और स्टाफ से जानकारी ली जाएगी। वहीं स्टेशन रोड थाने के सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है। भ्रूण टॉयलेट में कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।