समाचार · हरियाणा
वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा:बहादुरगढ़ पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने ध्वजारोहण कर शहीदों को किया नमन
बहादुरगढ़ में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और गरिमामय माहौल के बीच मनाया गया। पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने लाइनपार क्षेत्र स्थित पंडित लख्मीचंद धर्मशाला और रोहद-बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित रेडिको खैतान लिमिटेड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दोनों स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजकों की ओर से पूर्व विधायक नरेश कौशिक का स्वागत एवं सम्मान किया गया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नरेश कौशिक ने कहा कि आज देश जिस आजादी की खुली हवा में सांस ले रहा है, उसके पीछे असंख्य वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि उन महान वीरों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने का अवसर भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और संघर्ष का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के वीरों से लेकर देश की सीमाओं पर अपना जीवन बलिदान करने वाले सैनिकों तक, प्रत्येक राष्ट्रभक्त के योगदान के प्रति पूरा देश कृतज्ञ है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी शहीदों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और इसका सम्मान प्रत्येक नागरिक के लिए सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा में भी हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा रहा है। नरेश कौशिक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार शहीदों और उनके परिवारों को सम्मान देने के साथ देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।