समाचार · हरियाणा
पंचकूला में ट्रक ड्राइवर को लूटने वाले 2 गिरफ्तार:नशे की लत ने बनाया बदमाश, नशा तस्करी में जा चुके जेल, अब फुटेज ने पकड़वाया
पंचकूला के पिंजौर में होटल के पास ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट कर लूटपाट करने वाले कार सवार बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। सीआईए-3 की टीम ने दो आरोपियाें को मामले में गिरफ्तार किया है। जिन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस ने पंचकूला के पिंजौर की धर्मपुर कालोनी निवासी अनिल व कालका की खुराना कॉलोनी निवासी रजत उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया है। रजत उर्फ मोंटी खुद भी नशे का आदी है तथा नशा तस्करी में 2 बार जेल जा चुका है। दोनों ही बार कालका थाना पुलिस ने उसे पकड़ा है। अनिल की रजत के साथ दोस्ती हो गई तो दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। कैथल के ड्राइवर से लूट कैथल जिले के मटौर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। वह अपने कंडक्टर अजय के साथ महाराष्ट्र से केले लेकर मलेरकोटला सब्जी मंडी पहुंचा था। वहां माल खाली करने के बाद उसे 55 हजार रुपए किराया मिला था। उसने करीब 2 हजार रुपए परिवार के खाते में जमा कराए और कुछ रकम खर्च करने के बाद करीब 30 हजार रुपए अपनी जेब में रख लिए। रमेश के अनुसार, वह और उसका कंडक्टर पिंजौर की सेब मंडी में अगला माल भरने के लिए जा रहे थे। बीती रात करीब 1:30 बजे न्यू शिवालिक होटल के पास उन्होंने खाना खाने के लिए ट्रक रोका। उसने कंडक्टर अजय को खाना लेने के लिए भेज दिया और खुद ट्रक में लेट गया।
इसी दौरान दो युवक कंडक्टर साइड की खिड़की खोलकर ट्रक के अंदर घुस आए। आरोप है कि युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपए जबरदस्ती निकाल लिए। इसके बाद दोनों युवक सड़क पर खड़ी सफेद कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।