समाचार · छत्तीसगढ़
ट्रक की हेडलाइट पड़ी तो सड़क पर खड़ा दिखा बाघ:ड्राइवर ने डरकर रोका वाहन, अब 4 से ज्यादा ट्रैप कैमरों से निगरानी, मुनादी भी करवा रहा विभाग
दंतेवाड़ा जिले के मासोड़ी में सड़क पर बाघ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने उसकी लगातार निगरानी शुरू कर दी है। बीजापुर से दंतेवाड़ा की ओर आ रहे ट्रक ड्राइवर संतोष ने रात के समय मासोड़ी के पास सड़क के बीचों-बीच बाघ को खड़ा देखा। अचानक ट्रक की हेडलाइट बाघ पर पड़ी तो ड्राइवर ने वाहन रोक दिया और उसकी तस्वीर भी ली। घटना के बाद संतोष ने इसकी सूचना गांव के लोगों के साथ वन विभाग की टीम को दी।
ट्रक ड्राइवर संतोष, जो भोगाम का रहने वाला है इसने से बातचीत में कहा कि, वह गुरुवार को बीजापुर से दंतेवाड़ा की तरफ आ रहा था। रात के समय मासोड़ी के पास अचानक उसकी गाड़ी की हेडलाइट सड़क पर खड़े बाघ पर पड़ी। सामने बाघ को देखकर संतोष ने तत्काल ट्रक रोक दिया। कुछ देर तक वह वाहन के अंदर ही रहा। इसके बाद उसने बाघ की तस्वीर ली और इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को दी।
संतोष ने बताया कि रात के अंधेरे में अचानक बाघ सामने दिखाई देने से वह काफी डर गया था। बाघ के जंगल की ओर जाने के बाद ही उसने आगे बढ़ने का फैसला किया। अगले दिन खेतों में मिले पंजों के निशान
बाघ के सड़क पर दिखाई देने की घटना के बाद आसपास के इलाके में वन विभाग ने जांच की। अगले दिन गांव के खेतों में बाघ के पंजों के निशान भी मिले। इससे वन विभाग को क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी के और संकेत मिले हैं। टीम लगातार आसपास के जंगल और खेतों में निगरानी कर रही है। 4 से ज्यादा ट्रैप कैमरे लगाए, लगातार हो रही निगरानी
वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में बड़े पैमाने पर ट्रैप कैमरे लगाए हैं। अलग-अलग स्थानों पर तत्काल 4 से ज्यादा ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से बाघ की आवाजाही, उसके मूवमेंट और उसके संभावित रास्तों की लगातार निगरानी की जा रही है। बाघ के लिए तैयार किया जा रहा सुरक्षित रास्ता
वन विभाग की कोशिश है कि बाघ को किसी तरह का खतरा या मानव-बाघ संघर्ष की स्थिति पैदा न हो। इसके लिए बाघ के जंगल की ओर लौटने के लिए सुरक्षित रास्ता तैयार किया जा रहा है। विभाग उसके मूवमेंट पर नजर रखते हुए ऐसा कॉरिडोर तैयार करने में जुटा है, जिससे वह आबादी वाले इलाके से दूर रहकर आसानी से जंगल की तरफ लौट सके। गांवों में मुनादी, लोगों को सतर्क रहने की अपील
बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम आसपास के गांवों में मुनादी भी करवा रही है। ग्रामीणों से रात के समय अकेले जंगल या खेतों की तरफ नहीं जाने, बाघ दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश नहीं करने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की जा रही है। क्या कहा वन विभाग ने?
बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय ने बताया कि बाघ की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। अलग-अलग स्थानों पर 4 से अधिक ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। बाघ के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है। विभाग का प्रयास है कि बाघ को सुरक्षित रास्ते से वापस जंगल की ओर ले जाया जाए और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।