Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

मरवाही में कचरे में मिलीं लाखों की दवाइयां:सेमरदर्री स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर लोगों ने उठाए सवाल, जांच की मांग

INT News9 August 2026 at 06:49 pm

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरदर्री में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल वेस्ट के प्रबंधन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क किनारे कचरे के ढेर में लाखों रुपए मूल्य की दवाइयां और सिरप की सामग्री पड़ी मिली है। स्थानीय लोगों ने इन दवाइयों की कीमत लाखों रुपए में होने का अनुमान लगाया है। हालांकि, इनकी वास्तविक कीमत और खुले में फेंके जाने का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। यह मेडिकल वेस्ट जिस स्थान पर मिला है, उसके पास ही हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय स्थित हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों का नियमित आना होता है। खुले में पड़ी इन दवाइयों और मेडिकल वेस्ट से बच्चों सहित आम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। खुले में फेंकना नियमों का उल्लंघन मेडिकल वेस्ट को खुले में सड़क किनारे या कचरे के ढेर में फेंकना पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है। स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित प्रक्रियाओं और अधिकृत व्यवस्था के तहत किया जाना अनिवार्य है। खुले में फेंके गए इस कचरे से मिट्टी, जल और आसपास के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। समय पर नहीं आते डॉक्टर-स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीणों का कहना है कि यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा है, इसलिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की निर्धारित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए। समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से इस पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करने और सड़क किनारे पड़े मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।