समाचार · छत्तीसगढ़
युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने का आरोपी गिरफ्तार:कोरबा में पुलिस ने घेराबंदी कर 4 महीने बाद पकड़ा, लूटा गया फोन भी बरामद
कोरबा पुलिस ने एक युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में 4 महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया रियलमी कंपनी का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। यह घटना 30 मार्च 2026 की रात करीब 09:30 बजे हुई थी। पीड़िता कुमारी पूनम राय (24), जो बाल विहार स्कूल के पास पम्पहाउस की निवासी हैं। वो अपना काम खत्म कर पैदल घर लौट रही थीं। बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक रेलवे लाइन की तरफ से आया। मारपीट कर लूटा फोन आरोपी ने युवती को जबरन रेलवे पटरी की ओर खींच लिया और हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। इसके बाद उसने पीड़िता का लगभग 15 हजार रुपए कीमती मोबाइल फोन छीन लिया और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। CCTV से हुई आरोपी की पहचान इस पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान बुधवारी बाजार जैन मंदिर के पीछे बस्ती निवासी रामा सोरी (29) के रूप में हुई। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 09 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामा सोरी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की। विवेचना में यह सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता से मोबाइल लूटने के लिए आपराधिक बल का प्रयोग किया था। इसलिए प्रारंभिक धाराओं को हटाकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) बीएनएस जोड़ी गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर, उप पुलिस अधीक्षक आस्था शर्मा, चौकी प्रभारी सीएसईबी राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।