समाचार · मध्य प्रदेश
सागर में हत्या के प्रयास मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार:रंजिश में आरोपियों ने की थी मारपीट, गाली-गलौज से शुरू हुआ था विवाद
सागर की गढ़ाकोटा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को ग्राम मगरधा निवासी 20 वर्षीय हल्ले भाई पिता मूलू रैकवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि महेन्द्र रैकवार और अन्य आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से मारपीट की। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए महेन्द्र रैकवार, अजय रैकवार, दीपक रैकवार, मनोज रैकवार, सुरेन्द्र रैकवार, रिब्बू उर्फ रेवाराम रैकवार और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।