Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिलासपुर पुलिस ने 1250 गुम मोबाइल किए रिकवर:202 फोन लौटाए, तो मालिकों के खिल उठे चेहरे, रिकवरी में छत्तीसगढ़ पहले स्थान पर

INT News9 August 2026 at 06:56 pm

बिलासपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की सर्वाधिक 1250 रिकवरी कर पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किया है। हाल ही में, एसएसपी और पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने 'अर्पण कार्यक्रम' के तहत 30 लाख रुपए से अधिक मूल्य के 202 गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। मोबाइल पाकर स्वामियों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। अक्सर मोबाइल गुम होने या चोरी हो जाने पर उपयोगकर्ता निराश हो जाते हैं, और कई लोग पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने से भी हिचकिचाते हैं। हालांकि, पुलिस के इस अभियान से स्पष्ट होता है कि उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाती है। स्वतंत्रता दिवस उत्सव के अवसर पर आयोजित 'चेतना अभियान' कार्यक्रम में साइबर सेल ने आम जनता को साइबर धोखाधड़ी के खतरों के प्रति सचेत किया और भारत सरकार के उपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन 'संचार साथी' की जानकारी भी प्रदान की। फोन की शिकायतों को गंभीरता से लिया था एसएसपी ने बिलासपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइल फोन की शिकायतों को गंभीरता से लिया था। उन्होंने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस करने के निर्देश दिए थे। प्रदेश के कई जिलों में मिले फोन इसके परिणामस्वरूप, एसीसीयू (साइबर सेल) बिलासपुर की टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित सीमावर्ती राज्यों से गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। साइबर फ्रॉड और 'संचार साथी' ऐप के बारे में बताया कार्यक्रम के दौरान, साइबर सेल बिलासपुर के प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी और उनकी टीम ने वर्तमान समय में प्रचलित विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार द्वारा विकसित बहुउपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन 'संचार साथी' के संबंध में भी नागरिकों को अवगत कराया गया, जिसमें इसके उपयोग और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं एसीसीयू) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव सहित कई पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और मोबाइल धारक उपस्थित रहे।