समाचार · हरियाणा
27 साल से कांवड़ियों की सेवा कर रहे डॉ. यामीन:नूंह अनाज मंडी में लगा शिविर, बिना शुल्क एक्यूप्रेशर से देते हैं दर्द में राहत
हरियाणा के नूंह की अनाज मंडी में लगे कांवड़ शिविर में डॉ. यामीन खान पिछले 27 वर्षों से कांवड़ियों की सेवा कर रहे हैं। वे एक्यूप्रेशर थेरेपी के माध्यम से लंबी पैदल यात्रा के कारण होने वाले दर्द से श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करते हैं। सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा के बाद कांवड़ियों को अक्सर पैरों में तेज दर्द, घुटनों में तकलीफ, गर्दन में खिंचाव और मांसपेशियों में दर्द जैसी समस्याएं होती हैं। डॉ. यामीन अपने अनुभव और तकनीक का उपयोग कर इन तकलीफों को कम करने में मदद करते हैं। दर्द कम होने के बाद कांवड़िए अपनी यात्रा जारी रख पाते हैं। 27 सालों से सेवा कर रहे डॉ. यामीन डॉ. यामीन की 27 वर्षों की यह निरंतर सेवा अनेक कांवड़ियों के लिए महत्वपूर्ण रही है। इस मार्ग से हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान के कई जिलों के कांवड़िए भी गुजरते हैं, जिन्हें उनकी सेवाओं से लाभ मिलता है। सेवा के लिए किसी प्रकार का शुल्क या इनाम नहीं लेते डॉ. यामीन खान नूंह जिले के झिमरावट गांव के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1999 से 2020 तक अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में लगभग 20 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। उनका लंबा चिकित्सा अनुभव अब कांवड़ शिविर में श्रद्धालुओं के काम आ रहा है। डॉ. यामीन इस सेवा के लिए किसी प्रकार का शुल्क या इनाम नहीं लेते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य दर्द से पीड़ित कांवड़ियों को राहत पहुंचाना और उनकी यात्रा को सुगम बनाना है।