समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में अधेड़ ने कीटनाशक खाया:इलाज के दौरान मौत, आत्महत्या का कारण अज्ञात
मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बामनगढ़ बहियारी गांव में रविवार को एक 50 वर्षीय अधेड़ की कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। अधेड़ ने अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक बगीचे में कीटनाशक खाया था। तबीयत बिगड़ने पर वह घर लौटा और परिजनों को इसकी सूचना दी। मृतक की पहचान बामनगढ़ बहियारी निवासी चेतन दास यादव (50) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि चेतन दास रविवार को बगीचे गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्होंने कीटनाशक के सेवन की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने चेतन दास का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चेतन दास ने कीटनाशक का सेवन क्यों किया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने भी किसी विवाद या परेशानी की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।