समाचार · हरियाणा
अभय चौटाला से डबवाली एसपी बोली-“कौन सा गांव है आपका?”:गांव में नशे की समस्या किया था फोन, एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने डबवाली क्षेत्र में बढ़ते नशे को लेकर पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने डबवाली की एसपी को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इस अवधि में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश नहीं लगाया गया तो पुलिस प्रशासन को बड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा। हलका डबवाली में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके गांव चौटाला के लोग गांव की समस्याओं को लेकर उनसे मिलने आए थे। उन्होंने ग्रामीणों से गांव की प्रमुख समस्याओं के बारे में पूछा तो ग्रामीणों ने बताया कि नशा गांव की सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। अभय चौटाला ने बताया, इसके बाद उन्होंने डबवाली एसपी को फोन कर कहा कि उनके गांव चौटाला में सरेआम चिट्टा बिक रहा है और इसे तुरंत रोकने के लिए कार्रवाई की जाए। चौटाला के मुताबिक, इस दौरान एसपी की ओर से उनसे पूछा गया कि “कौन सा गांव है आपका?” अभय चौटाला ने इस पर हैरानी जताते हुए कहा कि डबवाली की एसपी को चौटाला जैसे प्रमुख गांव का नाम तक पता नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मेरे पीए ने डबवाली एसपी को अपना नाम बताते हुए स्पष्ट किया कि उनका गांव चौटाला है और वहां लोग नशे की समस्या से परेशान हैं। इस पर एसपी ने उन्हें मामले को देखने का आश्वासन दिया, जबकि एसपी का फर्ज बनता है कि वह स्वयं थाने में जाए और पता करे। अभय बोले-अधिकारी का काम कार्यालय में बैठना नहीं इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल कार्यालय में बैठना नहीं, बल्कि गांवों में जाकर लोगों से मिलना और उनकी समस्याएं सुनना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस को गांव में जाकर पता लगाना चाहिए कि नशा कहां और किसके माध्यम से बिक रहा है। अगर किसी पुलिस कर्मचारी या अधिकारी की मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नशे को लेकर चार से पांच गांव के लोग डबवाली एसपी से मिलने के लिए गए थे, पर उनसे ठीक तरह से बात भी नहीं। अब मैंने गांव वालों को कहा है कि एक बार आप लोग एसपी से ऑफिस में जाकर मिलकर आना। अगर दिक्कत हो तो मुझे फोन करना। फिर ऑफिस के बाहर विरोध करने का काम करेंगे। एसपी को एक सप्ताह का समय देकर आए : अभय अभय चौटाला ने कहा कि वह डबवाली एसपी को एक सप्ताह का समय देकर जा रहे हैं। अगर अगले एक सप्ताह में नशे के कारोबार को पूरी सख्ती के साथ नियंत्रित नहीं किया गया तो पुलिस प्रशासन को बड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, “ऐसा विरोध होगा कि एसपी को अपनी जिम्मेदारी समझ में आ जाएगी।” चौटाला ने सरकार से भी मांग की कि जिन अधिकारियों की नशे पर रोक लगाने की जिम्मेदारी तय की गई है, वे अपनी ड्यूटी और कर्तव्य का सही तरीके से निर्वहन करें। सुधार करना आता है : अभय
अभय चौटाला ने दावा किया कि उन्हें क्षेत्र के कई गांवों के लोगों ने शिकायत की है कि पुलिस उनकी बात तक नहीं सुनती। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने गांव के लोगों से भी कहा है कि पहले एसपी से मिलकर अपनी समस्या बताएं। अगर इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं होती तो फिर “सुधार करना भी आता है।”
नशे के मुद्दे पर अभय चौटाला के इस बयान के बाद डबवाली क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।