समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में अवैध कच्ची शराब बनाने की फैक्ट्री पर छापा:भट्टी पर शराब बनाते मिले दो युवक, 180 लीटर शराब सहित 26 हजार का सामान जब्त
INT News26 September 2026 at 05:53 pm
शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में थनरा चौकी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर 180 लीटर कच्ची शराब और 26 हजार रुपए का सामान जब्त किया। पुलिस टीम ने ग्राम उटवाहा में दबिश दी। गजेंद्र उर्फ कलुआ परिहार (25) और विकास उर्फ विक्की परिहार (22) भट्टी पर शराब बनाते मिले। पुलिस ने मौके से तीन कैन में कुल 180 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जिसकी कीमत 18 हजार रुपए है। शराब बनाने में इस्तेमाल लोहे का ड्रम, परात, खाली ड्रम और प्लास्टिक की नली भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दिनारा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। मौके पर मौजूद लहान को भी नष्ट कर दिया गया।