समाचार · मध्य प्रदेश
केंद्रीय मंत्री ने आंगनवाड़ी में बच्चों से कविताएं सुनी:बोले- यहां पर 6 दिन दलिया, खिचड़ी, हलवा और पंजीरी दी जाती
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक शनिवार को टीकमगढ़ के मिनोरा गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे। उन्होंने 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बच्चों, किशोरियों, गर्भवती व दूध पिलाने वाली महिलाओं से सीधे बात कर सरकारी सुविधाओं का हाल जाना। दौरे के दौरान मंत्री ने बच्चों से 'मछली जल की रानी है' और 'तितली उड़ी' जैसी कविताएं और गीत सुने। उन्होंने केंद्र में मिलने वाले खाने की जानकारी भी ली, जिस पर कार्यकर्ता ने बताया कि बच्चों को हफ्ते में 6 दिन दलिया, खिचड़ी, हलवा और पंजीरी दी जाती है। अधिकारियों ने बताया कि हर महीने बच्चों का वजन और लंबाई नापी जाती है। अगर कोई बच्चा ज्यादा कमजोर (कुपोषित) मिलता है तो उसे इलाज के लिए एनआरसी (NRC) भेजा जाता है। साथ ही समय पर टीके और हेल्थ चेकअप भी कराए जाते हैं। महिलाओं ने गिनाए फायदे, मंत्री ने लगाया पौधा बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 5 हजार रुपए, लाडली बहना योजना के 1250 रुपए और लाडली लक्ष्मी योजना का पूरा फायदा मिल रहा है। इसके अलावा आंगनवाड़ी से राशन और आयरन की गोलियां भी समय पर मिलती हैं। केंद्रीय मंत्री ने आंगनवाड़ी परिसर में पौधा लगाया और केंद्र को अच्छे से चलाने के लिए कार्यकर्ता संध्या गोस्वामी को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों के साथ खेल-कूद में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर कई स्थानीय नेता, अधिकारी और गांव के लोग मौजूद रहे।