Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल में पकड़ाई 3.5 करोड़ की 4.38 KG ड्रग:ट्रेन से तस्करी करते हुए नाइजीरियन महिला समेत दो गिरफ्तार

INT News26 September 2026 at 06:57 pm

भोपाल में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए बताई गई है। इस दौरान एक नाइजीरियाई महिला समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 23 और 24 सितंबर को लगातार भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर की गई है। पहली कार्रवाई: भोपाल स्टेशन पर पकड़ाए 3 पैकेट डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) से ट्रेन से भोपाल आ रहा एक भारतीय पुरुष यात्री नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। भोपाल पहुंचने पर अधिकारियों ने ट्रेन में बैठे यात्रियों की तलाशी ली। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास मौजूद नीले डफल बैग में 3 पॉलीथिन पैकेट मिले। इनमें 2.014 किलो सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच में इसके एम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने तुरंत उसे पकड़कर पैकेट जब्त कर लिए। दूसरी कार्रवाई: नाइजीरियाई महिला ने छिपा रखे थे 4 पैकेट दूसरी कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने आगरा कैंट से ट्रेन से भोपाल आ रही एक नाइजीरियाई महिला यात्री को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रोका। उसके सामान की विस्तृत तलाशी के दौरान चार सलवार कुर्तों के अंदर छिपाए गए चार पैकेट मिले। जांच में इन पैकेटों में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। चारों पैकेटों में कुल 2.368 किलो क्रिस्टलीय एम्फेटामाइन था। दोनों कार्रवाई में 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त दोनों कार्रवाइयों में कुल 4.38 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया गया। डीआरआई के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। यह खबर भी पढ़ें… बस में बैठने से पहले पकड़ी गई नाइजीरियाई महिला राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने इंदौर में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के सामान से 1.4 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। DRI के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अनुमानित अवैध बाजार कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपए है। पूरी खबर यहां पढ़ें...