समाचार · बिहार
सम्राट चौधरी ने दी खुशखबरी, बिहार को मिली नई अमृत भारत एक्सप्रेस, पीएम मोदी-अश्विनी वैष्णव को कहा थैंक यू

New Amrit Bharat Express : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर पोस्ट कर बताया कि भुज और बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी मिल गई है. उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार जताया. सीएम ने कहा कि इस नई रेल सेवा से बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच रेल संपर्क और यात्रियों की सुविधाएं मजबूत होंगी.
19427 और 19428 होगा ट्रेन नंबर
भुज से बरौनी जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का नंबर 19427 होगा. वापसी में बरौनी से भुज जाने वाली ट्रेन का नंबर 19428 रहेगा. यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ते हुए करीब 2532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.
सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वहीं ट्रेन नंबर 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी. भुज से बरौनी जाने वाली ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. बरौनी से भुज जाने वाली ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी.
बिहार के कई बड़े स्टेशनों पर ठहराव
इस ट्रेन के रास्ते में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव होगा. इनमें बिहार के सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं. इसके अलावा ट्रेन गोरखपुर, गोंडा, लखीमपुर, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, अहमदाबाद और समाखियाली को भी जोड़ेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
चार राज्यों के बीच बढ़ेगा रेल संपर्क
नई अमृत भारत एक्सप्रेस से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा. इस सेवा से देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल संपर्क को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी.
रेलवे ने ट्रेन को मंजूरी देने के साथ उसका नंबर, रूट, समय और संचालन के दिन की जानकारी जारी कर दी है. हालांकि, उपलब्ध आधिकारिक जानकारी में इस ट्रेन का परिचालन किस तारीख से शुरू होगा, यह नहीं बताया गया है.
इसे भी पढ़ें: अगले 24 घंटे बिहार के लिए भारी, 6 जिलों में भारी बारिश और 70 KM/H की रफ्तार से आंधी का अलर्ट