Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खजराना परिसर में पेंटर को कार ने मारी टक्कर:एमवाय अस्पताल में मौत; सुपर कॉरिडोर हादसे में घायल युवक ने भी ढाई महीने बाद दम तोड़ा

INT News14 September 2026 at 09:35 am

इंदौर के खजराना गणेश मंदिर परिसर में रविवार दोपहर एक हादसे में 46 वर्षीय पेंटर अरुण नागले की मौत हो गई। भोजनशाला के पास पैदल जा रहे अरुण को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। छोटी ग्वालटोली निवासी अरुण (पिता लक्ष्मीनारायण नागले) पेशे से पेंटर थे। वे खजराना क्षेत्र में काम करने गए थे और भोजन लेने के बाद पैदल परिसर से निकल रहे थे, तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिसर के सुरक्षा गार्ड ने अरुण को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा। घटना के करीब दो घंटे बाद उनके परिवार को हादसे की जानकारी मिली। इलाज के दौरान अरुण की मौत हो गई। खजराना थाना पुलिस ने अरुण की मौत के मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है। अरुण के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। सुपर कॉरिडोर हादसे में घायल युवक की मौत इधर, सुपर कॉरिडोर पर ढाई महीने पहले हुए हादसे में घायल 25 वर्षीय अंकित की भी रविवार देर रात मौत हो गई। बाणगंगा पुलिस के अनुसार, कुशवाह नगर निवासी अंकित (पिता रामलाल लोधी) एक निजी कंपनी में काम करते थे। 4 जुलाई की सुबह अंकित नौकरी से लौट रहे थे। इसी दौरान सुपर कॉरिडोर पर एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक अन्य युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अंकित घायल हो गए थे। अरविंदो के बाद एमवाय में चल रहा था इलाज हादसे के बाद अंकित का अरविंदो अस्पताल में उपचार चल रहा था। करीब 8 दिन पहले उन्हें एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अंकित के परिवार में पत्नी, एक बेटा, माता-पिता और भाई हैं।