समाचार · छत्तीसगढ़
ब्लैकमेलिंग से तंग छात्रा ने किया सुसाइड,छात्रनेता के खिलाफ FIR:एनएसयूआई के छात्र नेता पर आरोप, चैट्स व वीडियो को लेकर कर रहा था परेशान
अंबिकापुर के पटपरिया में बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा द्वारा सुसाइड करने के मामले में पुलिस ने एनएसयूआई के छात्र नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है। छात्रा के परिवार वालों ने एनएसयूआई के छात्र नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। छात्रा अपने जीजा के घर रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ रही थी। छात्रा ने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि छात्र नेता के पास कुछ चौट और वीडियो थे, जिसे लेकर वह छात्रा को परेशान कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, मूलतः MCB जिले के चिरमिरी गोदरीपारा निवासी अंतरा शाह (19) अंबिकापुर के पीजी कॉलेज में बीए फर्स्ट इयर की छात्रा थी। 10 सिंतबर को वह कॉलेज से अपनी दीदी के घर लौटी। रात को वह खाना खाकर सो गई थी। 11 सितंबर को परिजनों को छात्रा बिस्तर पर नहीं मिली। काफी देर तक नहीं लौटी तो उसके जीजा नीलेश गुप्ता ने उसने अपनी पत्नी को देखने भेजा। पत्नी ने बाथरूम की खिड़की से झांका तो अंदर अंतरा शाह का शव फांसी पर झूलता दिखा। छात्र नेता के खिलाफ दर्ज हुई FIR मृतका अंतरा शाह की सहेलियों ने परिजनों को बताया कि छात्र नेता ज्ञान तिवारी अंतरा को ब्लैकमेल करता था। उसके कुछ निजी चैट्स और वीडियो ज्ञान तिवारी के पास थे, जिसे लेकर वह परिजनों को दिखाने की धमकी देकर छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था। मामला सामने आने के बाद एबीव्हीपी ने गांधीनगर थाने के सामने प्रदर्शन कर एनएसयूआई का पुतला दहन किया था और एफआईआर दर्ज कर छात्र नेता के गिरफ्तारी की मांग की थी। परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने छात्र नेता ज्ञान तिवारी, निवासी मुक्तिपारा, गांधीनगर के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं के तहत FIR दर्ज किया है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जांच के लिए जब्त किया है। गांधीनगर थाने के जांच अधिकारी दिलीप दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ज्ञान तिवारी फिलहाल फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।