Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी में कबाड़ा उठाने गए नाबालिग को करंट लगा:ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत, 70% झुलसा था शरीर

INT News14 September 2026 at 10:55 am

शिवपुरी की हनुमान कॉलोनी में कबाड़ा उठाते समय बिजली के तार की चपेट में आए 17 वर्षीय सौरभ शाक्य की ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में सौरभ करीब 70 प्रतिशत झुलस गया था। वह 6 जुलाई को एक मकान की पहली मंजिल पर कबाड़ा लेने गया था। करंट लगने के बाद उसके शरीर में आग लग गई और वह पहली मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद सौरभ का दोस्त सुमित शाक्य उसे हाथ ठेले पर लेकर सिद्धि विनायक अस्पताल पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसी दिन सौरभ को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। सोमवार को ग्वालियर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अब शिवपुरी कोतवाली पुलिस मामले की आगे जांच करेगी। कबाड़ा लेने छत पर गया था सौरभ

सौरभ की बहन काजल शाक्य ने बताया कि 6 जुलाई को सौरभ अपने दोस्त सुमित के साथ हाथ ठेला लेकर कबाड़ा खरीदने निकला था। दोनों हनुमान कॉलोनी के एक मकान पर पहुंचे थे। वहां मौजूद महिला ने सौरभ से पहली मंजिल की छत पर रखा कबाड़ा नीचे लाने को कहा। सौरभ कबाड़ा लेने छत पर पहुंचा तो बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही उसके शरीर में आग लग गई और वह नीचे गिर गया। महिला ने चोरी का आरोप लगाया

काजल के मुताबिक, हादसे के बाद जब परिजन संबंधित मकान पर पहुंचे तो वहां मौजूद महिला ने मदद करने के बजाय परिवार पर चोरी का आरोप लगाया और धमकाया। परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया था। काजल ने बताया कि उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार फिजिकल थाना क्षेत्र के कोलियों के मंदिर के पास किराए के मकान में रहता है। परिवार के तीन भाई मेहनत-मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। सौरभ की मौत के बाद परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच करेगी।