समाचार · मध्य प्रदेश
झोपड़ी में सो रहे मजदूर को सांप ने काटा:इलाज के दौरान छतरपुर जिला अस्पताल में मौत
पन्ना जिले की हीरा खदान में काम करने वाले एक मजदूर की सांप के काटने से मौत हो गई। शव की पहचान बबलू रैकवार (46) के रूप में हुई, जो पन्ना जिले के ललार गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, यह घटना पन्ना जिले के अजयगढ़ के पास स्थित हीरा खदान में हुई। बबलू रैकवार वहीं मजदूरी करते थे। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात वे खदान के पास बनी अपनी झोपड़ी में सो रहे थे, तभी उन्हें सांप ने काट लिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और कुछ अन्य जगहों पर ले गए। जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया। छतरपुर अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार खराब होती गई। सोमवार शाम को बबलू रैकवार ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की। छतरपुर जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।