समाचार · मध्य प्रदेश
बिस्तर पर मिला 11वीं के छात्र का शव:गले पर फंदे के निशान; पिता हिरासत में, CCTV फुटेज के आधार पर पूछताछ
इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित नया बसेरा में रविवार देर शाम 11वीं कक्षा के छात्र उदय खोकरे (16) का शव घर में बिस्तर पर मिला। उसके गले में फंदा बंधा हुआ था। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए उसके पिता विजय को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। रविवार शाम उदय की बड़ी बहन आयुषी काम से घर लौटीं तो दरवाजा अटका हुआ था। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि उदय कमरे में बिस्तर पर अचेत पड़ा था और उसके गले में फंदा बंधा था। आयुषी ने मां और बड़े भाई को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एमआईजी पुलिस ने रविवार रात उदय की मौत के मामले में मर्ग कायम किया है। पढ़ाई की बात कहकर घर पर ही रुका था उदय परिजनों के मुताबिक, उदय चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। रविवार शाम उसकी बड़ी बहन ने उससे बाहर घूमने चलने के लिए कहा था, लेकिन उदय ने दो दिन बाद टेस्ट होने और पढ़ाई करने की बात कहकर जाने से इनकार कर दिया था। परिवार में मां, बड़ा भाई और सबसे बड़ी बहन आयुषी काम पर जाते हैं। रविवार को सभी घर से बाहर थे। उदय के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो दिनों से इंस्टाग्राम स्टोरी पर सैड स्टोरी यानी उदास पोस्ट शेयर कर रहा था। पुलिस आत्महत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज में पिता घर से निकलते दिखे घटनास्थल पर फंदा निकला हुआ मिलने और दरवाजा अटका होने से पुलिस ने मामले को संदिग्ध माना। इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज चेक किए गए। इसमें उदय के पिता विजय घर से बाहर निकलते दिखाई दिए। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विजय ने बताया कि वे शाम को कुछ देर के लिए घर पहुंचे थे। उस समय बेटा फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने चाकू से रस्सी काटकर उदय को नीचे उतारा, बिस्तर पर लिटाया और फिर घर से बाहर चले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार टीआई सीबी सिंह के मुताबिक, उदय के गले पर फांसी जैसे निशान हैं। पिता विजय के बारे में पुलिस का कहना है कि वे काफी नशा करते हैं और उनकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं है। विजय ने पूछताछ में चाकू से रस्सी काटने की बात कही है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की जांच जारी है।