समाचार · हरियाणा
हिसार में बेटे ने की पूर्व सरपंच की हत्या:सिर में रॉड मारी; चोट के निशान देख परिवार ने अंतिम संस्कार रुकवाया, पुलिस बुलाई
खारिया गांव के पूर्व सरपंच हवा सिंह सिहाग की हिसार के चंदन नगर स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनके बेटे बबलू ने ही घरेलू विवाद के चलते रॉड से सिर पर वार कर उनकी जान ले ली। पुलिस ने अंतिम संस्कार से पहले शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 65 वर्षीय हवा सिंह सिहाग चंदन नगर में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी वजह से वह अपनी पत्नी और बेटों से अलग रह रहे थे। बीती रात करीब दो बजे उनका बेटा बबलू कुछ साथियों के साथ हवा सिंह के घर पहुंचा। वहां पिता-पुत्र के बीच घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान बबलू ने हवा सिंह के सिर में रॉड मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। झगड़े में बबलू के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने चोट देखकर पुलिस को फोन किया हवा सिंह की मौत के बाद शव को पैतृक गांव खारिया ले जाया गया। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। इसी दौरान किसी परिजन ने शव पर चोट के निशान देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। 2006 में सरपंच रहे थे बताया जा रहा है कि घटना के बाद बबलू एक निजी अस्पताल में इलाज कराने गया था। हवा सिंह सिहाग वर्ष 2006 में खारिया गांव के सरपंच भी रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हत्या की पूरी सच्चाई सामने आएगी।