समाचार · हरियाणा
पंचकूला में वन दरोगा से मारपीट कर फोन छीना:खैर तस्कर पिकअप में ले जा रहे थे लकड़ी, पिस्टल निकाल गोली मारने की दी धमकी
पंचूकला में अवैध खैर लकड़ी की तस्करी कर रहे लोगों ने ड्यूटी पर तैनात वन दरोगा पर हमला कर दिया। तस्करों ने वन अधिकारी से हाथापाई की, उनका मोबाइल छीन लिया और गाड़ी से पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी खैर की लकड़ी से भरी पिकअप गाड़ी लेकर फरार हो गए। पिंजौर थाना पुलिस ने वन दरोगा की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढाबे पर घेरा, धक्का-मुक्की कर छीन लिया मोबाइल कालका रेंज के वन दरोगा सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 सितंबर उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी में अवैध खैर की लकड़ी भरकर सुरजपुर-सुखोमाजरी बाईपास की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही वे तुरंत बाईपास पहुंचे, जहां गाड़ी एक ढाबे पर खड़ी मिली। जब उन्होंने चालक को रोका तो उसने ढाबे पर मौजूद अपने दूसरे साथी को बुला लिया। दोनों ने दरोगा से हाथापाई शुरू कर दी और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। 'गाड़ी से पिस्टल निकाल, इसे गोली मारता हूं' हाथापाई के दौरान ढाबे पर मौजूद व्यक्ति ने चालक को चिल्लाकर कहा कि वह तुरंत गाड़ी लेकर भागे और गाड़ी में रखी पिस्टल निकालकर दे ताकि वह दरोगा को गोली मार सके। इसके बाद चालक तेज रफ्तार में पिकअप लेकर सुखोमाजरी की तरफ भाग निकला। वन दरोगा ने कड़ी मशक्कत के बाद दूसरे आरोपी से अपना फोन वापस छीना और आरोपियों की तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद दूसरा आरोपी भी नदी पार करके सूरजपुर की तरफ पैदल ही भाग गया। कर लिया है मामला दर्ज : ASI
अमरावती पुलिस चौकी के एएसआई चिरंजी लाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 132, 351, 3(5), 303 और वन अधिनियम 1927 की धारा 32, 33 के तहत मुकदमा नंबर 283 दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान खड़कुआ निवासी बंटी व हरिपुर गांव नवासी रवि के तौर पर हुई। पुलिस के अनुसार रवि पहले भी खैर तस्करी में पकड़ा जा चुका है। पुलिस की टीमें फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।