Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सचिन के सरेंडर करते ही खुले माओवादियों के राज, कहा: असीम मंडल नहीं करेगा आत्मसमर्पण

INT News14 September 2026 at 10:49 am

जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले पटमदा के झुझका निवासी राम प्रसाद माडीं उर्फ सचिन ने माओवादी दस्ते के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है. सचिन ने 10 लाख रुपये की इनामी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा और मदन महतो की पत्नी बुलू महतो के साथ पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सचिन ने पश्चिम बंगाल पुलिस को बताया कि माओवादी दस्ते में सीसीएम (केंद्रीय समिति सदस्य) और एक करोड़ रुपये का इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करेगा.

सचिन के अनुसार, असीम मंडल पूरी तरह माओवादी विचारधारा से प्रेरित है. बुजुर्ग होने के बावजूद वह हथियार लेकर चलता है. हालांकि, उम्र बढ़ने के कारण अब वह अस्वस्थ रहने लगा है.

पुलिस के ऑपरेशन के बाद लंबे समय तक कुचाई के जंगल में छिपे

सारंडा में पुलिस के ऑपरेशन के बाद वे लोग काफी दिनों तक कुचाई के जंगल में छिपे रहे. इस दौरान सचिन के अलावा असीम मंडल, मदन महतो, उसकी पत्नी बेला मुर्मू, राम प्रसाद की पत्नी मीता उर्फ नयनतारा, मंगल सिंह सरदार, उसकी पत्नी मिताली मुर्मू और दो अन्य सदस्य कुचाई के जंगल में रहे.

पुलिस का प्रभाव बढ़ने के कारण बाद में सभी अलग-अलग दस्तों में चले गये. इसी बीच मदन महतो और उसके दो साथियों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद वे लोग छोटा बांकी, बड़ाबांकी और गालूडीह के क्षेत्रों में छिपकर जंगल में भटकते रहे. पुलिस लगातार दबाव बना रही थी. लंबे समय तक जंगल में रहना मुश्किल हो रहा था.

इसके बाद उन्होंने आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया. आत्मसमर्पण के लिए बाकुड़ा में रंजीत पाल उर्फ राहुल के माध्यम से पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क किया गया. इसके बाद आत्मसमर्पण की तैयारी की गयी.

सचिन की निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार बरामद

15 लाख के नक्सली एरिया कमांडर राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, उसकी पत्नी नतयनतारा उर्फ मीता और मदन महतो की पत्नी एक लाख इनामी बुलू महतो के पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस अब अपनी सफलता को दर्शाने में लगी है.

एक ओर जहां पश्चिम बंगाल की बाकुड़ा पुलिस सचिन को साथ लेकर दलमा क्षेत्र के बुरुहातु, जोरोडिल और कांदरबेड़ा में हथियार समेत दस्ते के बचे साथियों की तलाश कर रही है. इनमें एक करोड़ के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश के अलावा मंगल सिंह सरदार और उसकी पत्नी मालती मुर्मू शामिल हैं.

दूसरी ओर झारखंड पुलिस असीम मंडल के अलावा उसके दो साथी मंगल सिंह सरदार और मालती मुर्मू को गिरफ्तार करने के लिए प्रयासरत है. इसी क्रम में जमशेदपुर पुलिस ने सीआरपीएफ जवानों के साथ शनिवार की रात पटमदा, बोड़ाम और गालूडीह थाना क्षेत्र के कोंकादासा, बाटालूका, छोटा बांकी, बड़ा बांकी, कुयानी जंगल, कोयरा जंगल के अलावा गालूडीह क्षेत्र में रात भर सघन छापेमारी की. हालांकि, पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी.

इधर, पश्चिम बंगाल की बाकुड़ा जिला पुलिस ने शुक्रवार को कुचाई क्षेत्र में सचिन की निशानदेही पर दो इंसास, 120 गोली, आठ मैगजीन, एक केन बम और पिट्टू बैग जब्त किया. पुलिस सचिन को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. शनिवार को भी सचिन को साथ लेकर दलमा क्षेत्र में छापेमारी की गयी.