समाचार · उत्तराखंड
केदारनाथ में बारिश-लैंडस्लाइड से एक की मौत, जानिए अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा मौसम

केदारनाथ यात्रा पर मौसम का असर एक बार फिर देखने को मिल रहा है. उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ गई हैं. केदारनाथ के चिरबासा हेलीपैड के पास रविवार को पहाड़ से चट्टान गिरने से 65 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. खराब मौसम और लैंडस्लाइड के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा रोकनी पड़ी है. भीम बली और केदारनाथ के बीच करीब 1,000 यात्रियों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है.
ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल है कि अगले पांच दिनों में मौसम कैसा रहेगा और क्या केदारनाथ यात्रा के लिए हालात बेहतर होंगे?
केदारनाथ में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 से 18 सितंबर के बीच केदारनाथ में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है. इस दौरान कई दिनों में बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं.
14 और 15 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक की भी संभावना है. ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर पहले से बने लैंडस्लाइड के खतरे के बीच यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.
16 सितंबर को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है. इस दिन आसमान आंशिक रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि पहाड़ी इलाकों में अचानक बारिश की संभावना बनी रह सकती है. इसके बाद 17 और 18 सितंबर को फिर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
केदारनाथ में 14 से 18 सितंबर तक मौसम का हाल
तापमान में रहेगी अच्छी-खासी ठंड
केदारनाथ में अगले कुछ दिनों में दिन का तापमान करीब 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह और रात में ठंड काफी बढ़ सकती है और तापमान शून्य डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान है. बारिश होने पर ठंड का असर और ज्यादा महसूस हो सकता है.
केदारनाथ जाने वालों के लिए क्या है जरूरी सलाह
मौजूदा हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और मौसम विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा का फैसला करें. बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर फिसलन, भूस्खलन और रास्ता बाधित होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए यात्रा पर निकलने से पहले प्रशासन की ताजा एडवाइजरी और मार्ग की स्थिति जरूर जांचें.
ये भी पढ़ें: VIDEO : समुद्र की लहरों में गायब हुआ 243 लोगों से भरा यात्री जहाज! सामने आया खौफनाक मंजर