समाचार · मध्य प्रदेश
मनचलों को पकड़ते समय थांदला TI घायल:कन्या स्कूल के पास बाइक से टकराए; पैर में आई गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर
झाबुआ जिले के थांदला में शुक्रवार दोपहर मनचलों को पकड़ने के प्रयास के दौरान थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह हादसा थांदला स्थित पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जिसमें उनके दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं। छेड़खानी की शिकायतों पर कार्रवाई करने पहुंचे थे टीआई करीब 1300 छात्राओं वाले कन्या स्कूल के पास असामाजिक तत्वों द्वारा फब्तियां कसने और छेड़खानी करने की शिकायतें मिल रही थीं। सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और मनचलों को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। दौड़ लगाने के दौरान बाइक से हुई सीधी टक्कर स्कूल के पास लड़कों को छेड़खानी करते देख जैसे ही थाना प्रभारी ने उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, तभी अचानक बीच में आई एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल किए गए रेफर घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम उन्हें थांदला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने आरोपी मनचलों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।