Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

कपूरथला में RCF यूनियन की महाप्रबंधक से दो टूक:इंसेंटिव 70% तक घटा, 741 पद खाली; कर्मचारियों में बढ़ रही नाराजगी

INT News14 August 2026 at 08:53 pm

कपूरथला में आरसीएफ एम्पलाइज यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को महाप्रबंधक के साथ बैठक कर कर्मचारियों और कारखाने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में यूनियन अध्यक्ष अमरीक सिंह, महासचिव सर्वजीत सिंह, चेयरमैन दर्शन लाल, कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह बाजवा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान यूनियन अध्यक्ष अमरीक सिंह ने जुलाई माह के इंसेंटिव में आई 60 से 70 प्रतिशत तक की गिरावट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के लगातार परिश्रम के बावजूद इंसेंटिव में इतनी बड़ी कमी निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि फर्निशिंग एवं फिनिशिंग शॉप में 400 से अधिक कोच खड़े हैं, जिनमें अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराकर इन कोचों को जल्द गेट आउट करने की मांग की गई, ताकि कर्मचारियों को भविष्य में इंसेंटिव का नुकसान न उठाना पड़े। यूनियन ने चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया यूनियन ने आरसीएफ कॉलोनी में बढ़ती चोरी की घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों ने आरपीएफ की पेट्रोलिंग बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की। महासचिव सर्वजीत सिंह ने कारखाने में स्टाफ की कमी पर चिंता जताते हुए लेवल-1 के 741 रिक्त पदों को भरने के लिए रेलवे बोर्ड स्तर पर प्रयास करने की मांग की। उन्होंने सुपरवाइजरों की कमी दूर करने, विशेष भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और विभिन्न विभागों में अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई। बैठक में जूनियर इंजीनियरों की ट्रेनिंग, साफ-सफाई, स्क्रैप निस्तारण और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। यूनियन नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रबंधन कर्मचारियों के हित में जल्द सकारात्मक कदम उठाएगा।