समाचार · छत्तीसगढ़
पुलिस गश्त से सूने मकान में चोरी की वारदात नाकाम:रायगढ़ में घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, छोटे अतमरमुड़ा क्षेत्र की घटना
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सूने मकान में चोर चोरी करने के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी की घटना को नाकाम कर दिया। साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से स्कूटी और डंडा जब्त की है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात चक्रधरनगर पुलिस की टीम रात में गश्त पर पेट्रोलिंग कर रही थी। तभी रात करीब साढ़े 12 बजे मेडिकल कॉलेज से पेट्रोलिंग करते हुए टीम टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा के पास पहुंची। जहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि विनोद कुमार भट्ट के सूने मकान में कुछ चोर घुसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को देते हुए मकान को घेर लिया। मकान अंदर से बंद था और अंदर से आवाजें आ रही थीं। पुलिस टीम द्वारा मकान में प्रवेश का प्रयास किया जा रहा था, तभी आरोपियों ने दूसरी ओर की दीवार फांदकर भागने का प्रयास किया। बाहर स्कूटी लेकर मौजूद आरोपी भी फरार होने लगे। तभी पुलिस ने तत्काल आसपास नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
आरोपी स्कूटी से गिरा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया
इसी दौरान मेडिकल कॉलेज रोड की ओर भागते समय स्कूटी सवार आरोपी गिर गया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आकाश जायसवाल 31 साल निवासी केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड क्षेत्र को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मार्शल यादव के साथ टीवी टावर छोटे अतरमुड़ा स्थित बंद मकान में चोरी करने की नीयत से घुसना स्वीकार किया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
आरोपी ने बताया कि दोनों दीवार फांदकर मकान के अंदर गए और कमरे के दरवाजे में लगे ताले को डंडे से तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। मामले में अनिल भट्ट द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आकाश जयसवाल को रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं उसके फरार आदतन बदमाष साथी मार्षल यादव की तलाष की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर है। नागरिकों की सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराध को घटना से पहले रोकना ही हमारी प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।