समाचार · झारखंड
JPSC-JSSC Protest: विधानसभा घेरने वाले छात्रों पर FIR, बैरिकेडिंग तोड़ने और पथराव के मामले पर कार्रवाई

JPSC JSSC Scam, रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ 10 अगस्त को हुए विधानसभा घेराव प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और पथराव करने के आरोप में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है.
दंडाधिकारी नेशात अहमद के बयान पर केस दर्ज
यह मामला नगड़ी अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक सह दंडाधिकारी नेशात अहमद के बयान पर दर्ज किया गया है. प्राथमिकी के अनुसार, 10 अगस्त को बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढ़े. विधानसभा के करीब पहुंचने पर सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट को तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया गया. पुलिस ने जब भीड़ को समझाने और रोकने की कोशिश की, तो कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे निकल आए. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई.
ये भी पढ़ें: चमोली हादसे में झारखंड के एक मजदूर की मौत, पांच घायल और एक लापता
गेट नंबर-1 पर बढ़ने का प्रयास
प्राथमिकी में उल्लेख है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव और हिंसक धक्का-मुक्की में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को नियंत्रण पाने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) और आंसू गैस के गोलों का प्रयोग करना पड़ा. शाम करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच उग्र प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा के गेट नंबर-एक की ओर जबरन बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने सीमित बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़कर क्षेत्र को खाली कराया.
SI आनंद पंडित को मिली जांच की जिम्मेदारी
दर्ज केस में उपद्रवियों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला और पथराव रिफ्रैक्टरी क्षेत्र में सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है. फिलहाल पुलिस घटना स्थल के वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर उपद्रव में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी एसआई (SI) आनंद पंडित को सौंपी गई है.
ये भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट के पास परती जमीन पर विवाद, झारखंड हाईकोर्ट ने रक्षा मंत्रालय से मांगा जवाब