Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

दीपावली-छठ पर सीवान होकर चलेंगी ये तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, जानें तारीख और समय

INT News3 November 2026 at 08:46 pm

Siwan Special Trains : दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन जोड़ी त्योहार विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार हावड़ा-गोरखपुर, लुधियाना-पूर्णिया और रामनगर-पाटलिपुत्र के बीच विशेष ट्रेनें चलायी जायेंगी. तीनों ट्रेनें सीवान जंक्शन होकर गुजरेंगी. इससे बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.

हावड़ा-गोरखपुर ट्रेन के तीन फेरे

रेलवे की समय-सारिणी के अनुसार 03037/03038 हावड़ा-गोरखपुर अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन तीन फेरों में चलेगी. हावड़ा से यह ट्रेन 11, 13 और 14 नवंबर को रात 11.45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 3.25 बजे सीवान पहुंचेगी. यहां दो मिनट ठहराव के बाद 3.27 बजे रवाना होकर शाम 6.15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

वापसी में 03038 गोरखपुर-हावड़ा विशेष ट्रेन 12, 14 और 15 नवंबर को रात 8.35 बजे गोरखपुर से खुलेगी और रात 11.15 बजे सीवान पहुंचेगी. दो मिनट ठहराव के बाद आगे रवाना होगी. इस ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे और सभी अनारक्षित श्रेणी के रहेंगे.

लुधियाना-पूर्णिया ट्रेन दो फेरों में चलेगी

04660/04659 लुधियाना-पूर्णिया त्योहार विशेष ट्रेन दो फेरों में संचालित होगी. लुधियाना से यह ट्रेन 5 और 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे खुलेगी तथा अगले दिन सुबह 9.40 बजे सीवान पहुंचेगी.

वापसी में 04659 पूर्णिया-लुधियाना विशेष ट्रेन 6 और 10 नवंबर को रात 11.30 बजे पूर्णिया से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8.15 बजे सीवान पहुंचेगी. इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 21 कोच लगाये जायेंगे.

रामनगर-पाटलिपुत्र ट्रेन प्रत्येक शनिवार को

तीसरी ट्रेन 05080/05079 रामनगर-पाटलिपुत्र त्योहार विशेष होगी. रामनगर से यह ट्रेन 7 से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 5.50 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7.35 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी.

वापसी में 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर विशेष ट्रेन 8 से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को सुबह 9.45 बजे खुलेगी. यह ट्रेन गोपालगंज, थावे, तमकुही रोड, पडरौना और गोरखपुर होते हुए चलेगी. इसमें कुल 16 कोच लगाये जायेंगे.

रेलवे के अनुसार इन विशेष ट्रेनों के संचालन से दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे और त्योहारों में घर लौटने की राह आसान होगी.