समाचार · बिहार
खुशखबरी : बिहार में न्यूनतम मजदूरी दरों में इजाफा, जानिए अब कितनी मिलेगी दैनिक सैलरी

पटना. बिहार सरकार ने मजदूरों को राहत देते हुए न्यूनतम मजदूरी दर में वृद्धि कर दी है. श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब कामगारों को प्रतिदिन सात से 10 रुपये तक अधिक मजदूरी मिलेगी.नई दर एक अक्तूबर 2026 के प्रभाव से लागू होगी.
महत्वपूर्ण जानकारी:
कुल 142 तरह के कामगारों की न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि की गई है.
नई दरें 1 अक्तूबर से प्रभावी मानी गई हैं.
न्यूनतम मजदूरी की नई दरें साल में दो बार, 1 अप्रैल और 1 अक्तूबर को लागू की जाती हैं.
इस बार तकनीकी कारणों से अधिसूचना जारी होने में देरी हुई.
तीन करोड़ 26 लाख से अधिक लोगों को फायदा
अकुशल और अर्धकुशल श्रमिकों की मजदूरी में सात रुपये, कुशल श्रमिकों की मजदूरी में नौ रुपये और अतिकुशल श्रमिकों की मजदूरी में 10 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की गई है. अधिकारियों के अनुसार राज्य के कुल कामगारों में करीब 90 फीसदी असंगठित क्षेत्र में कार्यरत है. इनकी संख्या तीन करोड़ 26 लाख से अधिक है. ऐसे में न्यूनतम मजदूरी दर में हुई इस वृद्धि का लाभ बड़ी संख्या में कामगारों को मिलेगा.
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सरकार ने कामगारों को चार श्रेणियों में बांटा है
सरकार ने कामगारों को चार श्रेणियों में बांटा है. अकुशल श्रेणी में 31 तरह के कामगार शामिल है. इनकी न्यूनतम मजदूरी 436 से बढ़ाकर 443 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है. इसी तरह अर्धकुशल श्रेणी के 40 तरह के कामगारों को अब 452 के बदले 459 रुपये मिलेंगे. कुशल श्रेणी के 50 तरह के कामगारों की मजदूरी 551 से बढ़ाकर 560 रुपये और अतिकुशल श्रेणी के 21 तरह के कामगारों की मजदूरी 672 से बढ़ाकर 682 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है.
बिहार में कामगारों की न्यूनतम मजदूरी की नई दरें
एक अक्तूबर से ही प्रभावी
विभाग की ओर से साल में दो बार, एक अप्रैल और एक अक्तूबर को न्यूनतम मजदूरी की नई दरें लागू की जाती हैं. इस बार तकनीकी कारणों से एक अक्तूबर से पहले नई दरों की घोषणा नहीं हो सकी थी. हालांकि मंगलवार को जारी अधिसूचना में इसे एक अक्तूबर से ही प्रभावी माना गया है.
Also Read: भूदान जमीन पर एक्शन: अवैध पर्चे रद्द कर दर्ज होगी FIR, छह जोन में औचक निरीक्षण की तैयारी