समाचार · पंजाब
संगरूर में स्कूल शिक्षकों ने निकाली जागो रैली:विधायक पर वादाखिलाफ़ी का आरोप, मांगें पूरी न होने पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी
अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले लंबे समय से हड़ताल पर चल रहे संगरूर के आदर्श स्कूल के अध्यापकों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अड़ियल रवैये के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए अध्यापकों ने संगरूर के बाजारों में एक विशाल 'जागो रैली' निकाली और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी अध्यापकों ने बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में उन्होंने हाल ही में स्थानीय आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक नरिंदर कौर भारज के आवास के बाहर सड़क पर बैठकर एक बड़ा धरना दिया था। उस समय विधायक भारज ने उन्हें पक्का आश्वासन दिया था कि वह अध्यापकों के इस गंभीर मुद्दे को पंजाब विधानसभा के सत्र में उठाएंगी। अध्यापकों का सीधा आरोप है कि विधायक ने अपना वादा पूरा नहीं किया और विधानसभा में उनके हक में आवाज नहीं उठाई, जिससे पूरे शिक्षक वर्ग में भारी रोष है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा के साथ बैठकें रहीं बेनतीजा अध्यापकों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिले, लेकिन धरातल पर उनकी एक भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। बार-बार मिल रहे आश्वासनों से तंग आकर ही उन्हें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है। संघर्ष को और तेज करने का अल्टीमेटम 'जागो रैली' के माध्यम से बाजारों में लोगों को जागरूक करते हुए शिक्षक नेताओं ने पंजाब सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार ने अब भी उनकी जायज मांगों को तुरंत स्वीकार नहीं किया, तो यह शांतिपूर्ण आंदोलन आने वाले दिनों में एक बड़े और तीखे गुप्त संघर्ष में बदल जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।"