national
VIDEO: ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’... खरगे के बयान पर BJP ने बनाया रैप सॉन्ग, वीडियो में कहा- कान खोलकर सुन लो

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीजेपी ने अब इस बयान को लेकर रैप सॉन्ग जारी किया है. इसमें खरगे के बयान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ का संदेश दिया गया है. बीजेपी इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक कांग्रेस पर निशाना साध रही है.
बीजेपी ने रैप सॉन्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है. इसके साथ पार्टी ने लिखा, “तुम गाली देते रहो, वह सपनों के भारत को आगे बढ़ा रहा है. मोदी देश के साथ खड़ा है.” पोस्ट के अंत में पार्टी ने लिखा, “मोदी कहीं नहीं जाएगा.”
वीडियो में क्या है?
बीजेपी के इस रैप सॉन्ग की शुरुआत मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान से होती है, जिसमें वह प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कहते सुनाई देते हैं, “मोदी का बाप भी जाएगा.” इसके बाद रैप के जरिए इस बयान का जवाब दिया गया है.
गाने में कहा जाता है, “मोदी कहीं जाएगा...” इसके बाद आगे की पंक्तियों में कहा गया है, “तुम्हारा ही मंच था, तुम्हारा ही खेल था, सामने खड़े होकर आंखें झुका लो, कान खोलकर सुन लो, मोदी कहीं नहीं जाएगा.”
इस वीडियो के जरिए बीजेपी ने खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के पद पर बने रहने का संदेश दिया है.
View on Instagram
सोशल मीडिया पर वीडियो को मिले लाखों व्यूज
बीजेपी के इस रैप सॉन्ग को सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं. वीडियो को अब तक तीन मिलियन यानी 30 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है. वहीं, दस हजार से ज्यादा लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “और राहुल गांधी कभी नहीं आएगा.” सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
खरगे ने बिहार में क्या कहा था?
मल्लिकार्जुन खरगे ने 25 अक्टूबर को बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाषण दिया था. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी एसआईआर में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया.
खरगे ने कहा था कि कांग्रेस एसआईआर में धांधली करने वालों को जेल भिजवाएगी. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर कहा कि उन्हें जाना ही पड़ेगा. कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने मंच से कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.”
इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया. खबरों के मुताबिक, खरगे का विरोध करने वाले युवक के साथ बाद में मारपीट भी हुई. युवक को बीजेपी का एजेंट बताए जाने की बात भी सामने आई थी.
खरगे के बयान के खिलाफ बीजेपी का देशव्यापी प्रदर्शन
खरगे की टिप्पणी के विरोध में बीजेपी ने देशभर में प्रदर्शन किए. पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष से प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर माफी मांगने की मांग की. कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खरगे का पुतला भी जलाया.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादा की सभी सीमाएं पार कर दी हैं. नड्डा ने कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी को इसका जवाब मिलेगा.
नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से दिवालिया हो चुकी है. कांग्रेस और उसके नेताओं को शर्म से डूब मरना चाहिए. कांग्रेस पार्टी को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए.”
उन्होंने कांग्रेस के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहने और ‘बिच्छू’ से तुलना करने जैसे बयानों पर भी पार्टी को जवाब मिला था. नड्डा ने आगे कहा कि 2029 और आने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी ही विजयी होंगे.
ये भी पढ़ें: Video: राहुल गांधी बोले- वोट चोरी का जीता-जागता सबूत देखा, ज्ञानेश कुमार चाहे जितना छिप लें, लेकिन अंत में...