Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पटना में पानी के लिए 1794 करोड़, बढ़ेगा ग्राम कचहरियों का बजट, सम्राट कैबिनेट की पेपरलेस बैठक में 34 प्रस्ताव पास

INT News25 November 2026 at 06:44 pm

Bihar Cabinet Decision: बिहार में अब कैबिनेट की बैठक पूरी तरह डिजिटल तरीके से होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत की. इसके साथ ही राज्य में पहली बार पेपरलेस कैबिनेट बैठक आयोजित की गई. बैठक में कुल 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें पटना की पेयजल व्यवस्था, ग्राम कचहरियों का बजट, सड़क चौड़ीकरण, औद्योगिक विकास और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अहम फैसले शामिल हैं. सरकार ने पटना की जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं. वहीं, ग्राम कचहरियों के सालाना प्रशासनिक खर्च में छह गुना बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है.

पटना के 75 वार्डों में जलापूर्ति के लिए 1794 करोड़ मंजूर

कैबिनेट ने पटना की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. इस राशि से शहर के 75 वार्डों में जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की जाएगी. योजना के तहत 2.18 लाख से अधिक घरों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है.

इसके लिए नए जल स्रोत, जलशोधन संयंत्र, जलमीनार और पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किए जाएंगे. इससे पटना के लोगों को पानी की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.

ग्राम कचहरियों का बजट छह गुना बढ़ेगा

राज्य की ग्राम कचहरियों को अब प्रशासनिक खर्च के लिए पहले से छह गुना अधिक राशि मिलेगी. फिलहाल प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना चार हजार रुपये दिए जाते हैं. इसे एक अप्रैल 2027 से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया है.

इस फैसले से ग्राम कचहरियों को रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज में आर्थिक मदद मिलेगी.

बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठन

बिहार में आर्थिक सुधारों और विकास को गति देने के लिए आर्थिक सलाहकार परिषद गठित की जाएगी. यह परिषद सरकार को नीतिगत फैसलों में सहयोग करेगी. इसका उद्देश्य अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार करना और लगातार ऊंची आर्थिक वृद्धि हासिल करना है.

'बिहार है तैयार' अभियान से निवेश को मिलेगा बढ़ावा

बिहार की सांस्कृतिक विरासत, विकास की उपलब्धियों और निवेश की संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए 'बिहार है तैयार' अभियान शुरू होगा. बिहार फाउंडेशन के माध्यम से इस अभियान को चलाया जाएगा.

वहीं, उद्योग विभाग फरवरी 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन करेगा. इसके जरिए राज्य में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने की कोशिश होगी.

11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का फैसला

स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैंगल्स रोड स्थित भूखंड पर आइकॉनिक ट्रेड सेंटर और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा. इसके निर्माण के लिए एनबीसीसी का चयन नामांकन के आधार पर किया गया है.

मधेपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192 करोड़

कैबिनेट ने झंझारपुर पथ प्रमंडल के तहत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं.

वहीं, सोन नदी के पानी से औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना की लागत भी बढ़ाई गई है. इस योजना से करीब आठ लाख लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है. वर्ष 2051 तक इन शहरों की आबादी 12 लाख होने का अनुमान है.

योजना की लागत पहले 1,347.32 करोड़ रुपये थी. अब इसे बढ़ाकर 2,014.65 करोड़ रुपये कर दिया गया है. इसका काम चार मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

फूड प्रोसेसिंग उद्योग लगाने पर मिलेगा 35 फीसदी अनुदान

बिहार में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने वालों को भी राहत दी गई है. प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है. इस योजना के तहत निवेश पर 35 फीसदी तक अनुदान मिल सकेगा.

नालंदा और समस्तीपुर में जमीन अधिग्रहण को मंजूरी

औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नालंदा और समस्तीपुर में जमीन अधिग्रहण के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. नालंदा में 564 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 382 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. वहीं, समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 261 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

इन दोनों परियोजनाओं से औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.

खेल संघों को मिलेगा सरकारी अनुदान

राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 'राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026' तैयार की गई है. इसके तहत मान्यता प्राप्त खेल संघों को सरकारी अनुदान मिल सकेगा.

इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग के 17 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है. इन फैसलों के जरिए सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था, उद्योग, खेल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई क्षेत्रों में बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है.

Also Read: अनंत सिंह की बेटी की शादी: झारखंडी बैंड की धुन पर जमकर थिरके बाराती, दूल्हे के पिता ने भी लगाए ठुमके, अमेरिका से पहुंचे मेहमान