समाचार · मध्य प्रदेश
तिरंगा रैली से भोपाल पुलिस ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश:पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लगाए देशभक्ति के नारे, ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शनिवार को तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एडिशनल कमिश्नर मोनिका शुक्ला और एडिशनल कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कमिश्नर कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगे से सजे वाहनों के साथ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया। रैली में शामिल पुलिसकर्मियों ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना रखने का संदेश दिया। रैली के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए पुलिसकर्मियों ने लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। कमिश्नर कार्यालय से शुरू हुई रैली तिरंगा वाहन रैली कमिश्नर कार्यालय से शुरू होकर कंट्रोल रूम तिराहा, जेल रोड, एमपी नगर थाना तिराहा, शौर्य स्मारक, व्यापम चौराहा, लिंक रोड नंबर-1, अपैक्स बैंक तिराहा और रोशनपुरा चौराहा होते हुए बाणगंगा पहुंची। इसके बाद रैली पॉलीटेक्निक चौराहा, रेतघाट, वीआईपी रोड और करबला होते हुए लालघाटी चौराहा पहुंची। लालघाटी से लौटी रैली लालघाटी से रैली वापस वीआईपी रोड, रेतघाट, कमला पार्क और लोक भवन होते हुए कमिश्नर कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में तिरंगे से सजे पुलिस वाहनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का अवसर है। रैली के माध्यम से पुलिस बल ने नागरिकों के साथ मिलकर देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।