Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आज रात 12 बजे से भोपाल में टैक्सियां बंद:19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस पर धरना, मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी

INT News17 August 2026 at 04:56 pm

भोपाल में आज रात 12 बजे से टैक्सी सेवाएं बंद हो जाएंगी। भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ सम्बद्ध) और टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संपूर्ण भारत के संयुक्त मोर्चे ने 18 अगस्त से शहर में टैक्सी संचालन पूरी तरह बंद रखने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी, लगातार बढ़ते खर्च और शासन-प्रशासन द्वारा मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से ड्राइवर आर्थिक संकट में हैं। बता दें कि भोपाल में कुल 3500 टैक्सियां संचालित होती हैं। 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस पर धरना संयुक्त मोर्चे की ओर से 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर टैक्सी चालकों की समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की जाएगी। संगठन ने कहा है कि बंद और धरना शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। क्यों बंद रहेंगी टैक्सियां? टैक्सी चालक संगठनों के मुताबिक उनकी सबसे प्रमुख मांग टैक्सी का सरकारी स्तर पर किराया निर्धारित करना है। इसके बाद एग्रीगेटर कंपनियों को उसी निर्धारित किराए पर टैक्सी चलाने के लिए बाध्य करने का आदेश जारी करने की मांग है। ड्राइवरों का कहना है कि मौजूदा किराए में ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा, किस्त और परिवार का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। प्राइवेट नंबर के वाहनों पर रोक की मांग संयुक्त मोर्चे ने एग्रीगेटर कंपनियों के जरिए संचालित नॉन-कमर्शियल यानी प्राइवेट नंबर वाले कार, बाइक और ई-रिक्शा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि इन वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल से वैध कमर्शियल टैक्सी चलाने वाले ड्राइवरों की आय प्रभावित हो रही है। बंद से आम लोगों को क्या परेशानी होगी? 18 अगस्त से टैक्सी संचालन बंद रहने पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य हिस्सों के बीच कैब से सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खासकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने-आने वाले यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करना पड़ेगा। संयुक्त मोर्चे ने आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि ड्राइवर भी अपनी आजीविका बचाने के लिए आंदोलन के लिए मजबूर हैं। बंद के दौरान क्या अपील की गई? संगठनों ने कहा है कि संयुक्त मोर्चे का बंद शांतिपूर्ण रहेगा। किसी असामाजिक तत्व द्वारा गैर-कानूनी गतिविधि किए जाने पर संगठन ने स्वयं को उसके लिए जिम्मेदार नहीं बताया है। प्रशासन से भी बंद और धरना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई है। मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन बंद संयुक्त मोर्चे ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और एग्रीगेटर कंपनियों की ओर से मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन टैक्सी बंद में बदला जा सकता है। संगठन का कहना है कि जब तक टैक्सी चालकों के लिए उचित किराया तय नहीं होता और एग्रीगेटर कंपनियों की कथित मनमानी पर रोक नहीं लगती, तब तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा। सिर्फ प्रतिशत नहीं, किराया प्रणाली बदलनी होगी भोपाल टैक्सी चालक संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले का कहना है कि केवल 20 या 30 प्रतिशत किराया बढ़ा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। वर्ष 2014 में एग्रीगेटर कंपनियां बेस फेयर, टाइम चार्ज और प्रति किलोमीटर किराया तीनों देती थीं, लेकिन अब अधिकांश मामलों में केवल दूरी के आधार पर भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि ड्राइवरों की लागत, वाहन का रखरखाव, बीमा, ईंधन और अन्य खर्चों को देखते हुए पुरानी प्रणाली दोबारा लागू करना जरूरी है। ये हैं संगठन की प्रमुख मांगें संघ ने सरकार के सामने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें टैक्सी किराया निर्धारित करना, बेस फेयर और टाइम चार्ज लागू करना, एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाना, निजी नंबर वाले वाहनों और अवैध बाइक टैक्सी के व्यावसायिक संचालन पर कार्रवाई करना तथा टैक्सी चालकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। यदि मांगें लागू हुईं तो इन रूटों पर इतना हो सकता है किराया संघ के प्रस्तावित मॉडल के अनुसार, यदि बेस फेयर, टाइम चार्ज और संशोधित प्रति किलोमीटर दर लागू होती है तो शहर के प्रमुख रूटों पर किराए में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। उदाहरण के तौर पर अरेरा हिल्स से राजा भोज एयरपोर्ट का मौजूदा किराया 246 से 282 रुपए है, जो बढ़कर 416 से 552 रुपए तक हो सकता है। न्यू मार्केट से रेलवे स्टेशन का किराया 95 से 108 रुपए की जगह 205 से 270 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं लालघाटी से एमपी नगर का किराया 152 से 167 रुपए से बढ़कर 302 से 401 रुपए, जबकि रातीबड़ थाना से भोपाल रेलवे स्टेशन का किराया 274 से 314 रुपए से बढ़कर 474 से 638 रुपए तक हो सकता है। ये खबर भी पढ़ें… भोपाल में टैक्सी ड्राइवरों ने कटोरा लेकर मांगी भीख राजधानी भोपाल में ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के खिलाफ शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। भोपाल टैक्सी चालक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ड्राइवर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर इकट्ठा हुए और फटे कपड़े पहनकर कटोरा लेकर प्रतीकात्मक भीख मांगते नजर आए।पढ़ें पूरी खबर