समाचार · मध्य प्रदेश
खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर हादसा, बाइक सवार युवक की मौत:नागलवाड़ी जा रहे युवक की वाहन की टक्कर से मौत, साथी गंभीर
ऊन थाना क्षेत्र में खंडवा-बड़ौदा नेशनल हाईवे पर सोमवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक नाग पंचमी के अवसर पर नागलवाड़ी स्थित नाग देवता के दर्शन करने जा रहे थे। घोट्या फाटे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। नागलवाड़ी दर्शन के लिए निकले थे दोनों युवक जानकारी के अनुसार, बेड़िया थाना क्षेत्र के कटोरा निवासी गौतम मानकर अपने साथी के साथ नाग पंचमी पर नागलवाड़ी स्थित नाग देवता के दर्शन करने जा रहा था। इसी दौरान घोट्या फाटे के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक की मौत, साथी गंभीर घटना की सूचना मिलते ही ऊन पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गौतम मानकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का गंभीर हालत में उपचार जारी है। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। ऊन पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार वाहन व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।