समाचार · पंजाब
तरनतारन में खराब ट्रक से टकराई कार:दो दोस्तों की मौत; एक था इकलौता बेटा, दूसरे के हैं दो बच्चे
तरनतारन जिले में नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो गहरे दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार रात करीब 9:30 बजे उस समय हुआ, जब उनकी कार सर्विस लेन पर खड़े एक खराब ट्रक से जा टकराई। मृतकों की पहचान गांव पिद्दी निवासी 25 वर्षीय अनमोलप्रीत सिंह और गांव रूड़े असल निवासी 35 वर्षीय सुखराज सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त आई-20 कार में सवार होकर तरनतारन शहर से अपने परिचितों के पास जा रहे थे। जब वे डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेटिव कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचे, तो उनकी कार सर्विस लेन में खड़े एक खराब ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को गुरु नानक देव अस्पताल, तरनतारन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।सिमरनप्रीत सिंह उर्फ सोना ने बताया कि अनमोलप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उसकी बड़ी बहन कनाडा में पढ़ाई कर रही है। वहीं सुखराज सिंह विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं।परिजनों ने इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करवाई। रविवार को दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।