Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नरवाना में ट्रक से डोडा चूरापोस्त बरामद:ड्राइवर गिरफ्तार, मध्य प्रदेश का रहने वाला, सीट के नीचे छिपा रखा था

INT News17 August 2026 at 04:53 pm

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट ने जींद जिले के नरवाना में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक ड्राइवर को 31 किलो 270 ग्राम डोडा चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के देहरिया गांव निवासी दिनेश के रूप में हुई है। सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने बताया कि पुलिस टीम नरवाना-खनौरी रोड पर सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक ड्राइवर मध्य प्रदेश और राजस्थान से डोडा चूरापोस्त लाकर पंजाब में सप्लाई करता है। यह तस्कर ट्रक में लोड सामान की आड़ में नशे की खेप लाता है। तलाशी के दौरान सीट के नीचे मिला डोडा पोस्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नरवाना-खनौरी रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए का एक सफेद रंग का ट्रक आता दिखा। पुलिस ने ट्रक को रोककर ड्राइवर से पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान, ट्रक की कैबिन में ड्राइवर सीट के पीछे बनी लंबी सीट के अंदर एक लकड़ी के बक्से में रस्सी से बंधा प्लास्टिक का कट्टा मिला। जांच करने पर उसमें डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से इसका वजन करने पर प्लास्टिक कट्टे सहित कुल वजन 31 किलो 270 ग्राम पाया गया। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को सील कर कब्जे में ले लिया है। आरोपी दिनेश के खिलाफ थाना शहर नरवाना में धारा 15(B)-61-85 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जींद पुलिस और हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।