national · पश्चिम बंगाल
शुभेंदु अधिकारी का खुलासा, प्रणब मुखर्जी ने कहा था, BJP में जाओ और मोदी जी के साथ रहो

शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार (24 नवंबर) को कोलकाता में आयोजित 'द इकोनॉमिक टाइम्स बंगाल एसेन्ड्स' कार्यक्रम में यह बात कही. उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना शुरुआती राजनीतिक सलाहकार बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी.
प्रणब मुखर्जी ने कहा था- तय करो, क्या करना चाहते हो
इंडिया टुडे के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी ने उस मुलाकात को याद करते हुए कहा, "मेरे शुरुआती सलाहकार प्रणब मुखर्जी थे. राष्ट्रपति बनने के बाद मैं उनसे मिलने रायसीना हिल्स गया था. उन्होंने मुझसे कहा था कि सोचो, तुम क्या करना चाहते हो. अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हो, तो यहीं रहो. लेकिन अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हो, तो मोदी जी के साथ रहो."
अधिकारी ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके अभिभावक और सलाहकार की तरह थे. उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति से अलग हटकर भी हर भारतीय पूर्व राष्ट्रपति का सम्मान करता है.
TMC को बताया बुआ-भतीजे की पार्टी
इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को बुआ-भतीजे की पार्टी बताते हुए कहा कि यह एक राजनीतिक दल की बजाय निजी कंपनी की तरह चल रही थी.
अधिकारी ने कहा, "यह एक ऐसी पार्टी थी, जहां एक महिला का नेतृत्व था और बुआ-भतीजे का दबदबा था. पूरी पार्टी एक कंपनी की तरह चलती थी, जिसमें एक चेयरमैन और एक मैनेजिंग डायरेक्टर था."
उन्होंने कहा कि वह भी इस व्यवस्था का हिस्सा थे, लेकिन किसी के कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे. इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया.
बातचीत का समय बताने से किया इनकार
जब शुभेंदु अधिकारी से पूछा गया कि प्रणब मुखर्जी के साथ उनकी यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं और इस बारे में ज्यादा कुछ बोलने से विवाद खड़ा हो सकता है.
प्रणब मुखर्जी अगस्त 2020 में निधन से पहले 2012 से 2017 तक देश के 13वें राष्ट्रपति रहे थे. राष्ट्रपति बनने से पहले वह कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल थे और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके थे.
2020 में TMC छोड़ BJP में शामिल हुए थे शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी कभी ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते थे. वह 1998 में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे. नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन के दौरान उन्हें बड़ी राजनीतिक पहचान मिली थी.
उन्होंने 2009 और 2014 में तमलुक लोकसभा सीट से जीत दर्ज की. इसके बाद 2016 में नंदीग्राम विधानसभा सीट से विधायक बने और ममता बनर्जी सरकार में मंत्री भी रहे.
हालांकि, पार्टी में अभिषेक बनर्जी का प्रभाव बढ़ने के साथ उनका नेतृत्व से मतभेद बढ़ता गया. नवंबर 2020 में उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद 19 दिसंबर 2020 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में BJP में शामिल हो गए.
2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था. BJP चुनाव हार गई थी, लेकिन शुभेंदु अधिकारी राज्य में पार्टी का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने.
2026 के विधानसभा चुनाव में BJP ने पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 207 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की. शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर भी ममता बनर्जी को हराया. इसके बाद वह राज्य के पहले BJP मुख्यमंत्री बने.
BJP और RSS से भी अच्छे संबंध थे प्रणब मुखर्जी के
प्रणब मुखर्जी के BJP और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेताओं के साथ भी अच्छे संबंध रहे थे. साल 2018 में उन्होंने नागपुर स्थित RSS मुख्यालय का दौरा किया था. यहां उन्होंने संघ के प्रचारकों को 'राष्ट्र, राष्ट्रवाद और देशभक्ति' विषय पर संबोधित किया था.
इस दौरान उन्होंने RSS के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को 'भारत माता का महान सपूत' बताया था. उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस के भीतर भी चर्चा हुई थी.
हाल ही में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में प्रणब मुखर्जी का जिक्र होने के बाद भी विवाद हुआ था. सोनिया गांधी ने लिखा था कि 2010 में प्रणब मुखर्जी ने उनसे नेतृत्व में बदलाव की बात कही थी, जिसे उन्होंने प्रधानमंत्री पद की उनकी इच्छा के संकेत के रूप में समझा था. इस पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर सवाल उठाए थे.
ये भी पढ़ें: VIDEO: पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी, 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा ‘पश्चिम बंग’ प्रस्ताव