समाचार · बिहार
73.5 लाख कैश, 106 जमीन के कागजात और 51 पन्नों की डायरी, बालू माफिया भगत यादव के 10 ठिकानों पर जानें इओयू को मिली कितनी संपत्ति

पटना. आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) ने संगठित अपराध और इससे अर्जित की गयी संपत्ति के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा जिले में स्थित 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. टीम को इन स्थानों से 73.5 लाख कैश, लाखों की ज्वेलरी की खरीद, करोड़ों रुपये कीमत की 106 अचल संपत्तियों और 38 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए.
खास बातें
बालू माफिया भगत यादव के 10 ठिकानों पर छापा
73.5 लाख कैश, करोड़ों की जमीन के 106 दस्तावेज बरामद
इओयू की कार्रवाई
गया, पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा में एक साथ छापेमारी
भरत यादव, प्रखंड प्रमुख उनकी पत्नी सुनीता कुमारी, बेटा आर्यन कुमार और साथी रौशन राज गिरफ्तार
टीम के हाथ लगी 51 पन्नों की गोपनीय डायरी
51 पन्नों की गोपनीय डायरी भी टीम के हाथ लगी है, इसमें कई अधिकारियों और सफेदपोश नेताओं के नाम होने की बात सामने आयी है. जिन संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुये हैं, उसमें 67 भगत यादव, उनकी पत्नी और बेटे के नाम दर्ज हैं. इनका मूल्य 15 करोड़ से ज्यादा बताया गया है. जबकि सरकारी सर्किल रेट के अनुसार इनकी वास्तविक कीमत कई गुना ज्यादा बतायी जा रही है. फार्च्युनर व स्कार्पियो समेत पांच वाहनों को जब्त किया गया है. इसके साथ ही इओयू की टीम ने गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के सिंह पोखर, कुशाबीजा निवासी भरत यादव, गया जी के डोभी प्रखंड की प्रमुख उनकी पत्नी सुनीता कुमारी, बेटा आर्यन कुमार और साथी रौशन राज उर्फ धनंजय कुमार को गिरफ्तार किया है.
28 करोड़ रुपये की जमीन महज 1.5 करोड़ रुपये में खरीदी
जांच में सामने आया है कि एक भूखंड, जिसकी सरकारी कीमत 28 करोड़ रुपये है, उसे महज 1.5 करोड़ रुपये में निबंधित कराया गया. इओयू ने भगत यादव के खिलाफ गुरुवार को केस दर्ज किया था और फिर न्यायालय से आदेश लेकर यह कार्रवाई की. इओयू को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि भगत यादव अपने सहयोगियों के साथ आपराधिक बल का इस्तेमाल कर ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जे जैसे अपराधों में शामिल है. वह एक संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों के जरिये अर्जित राशि का धनशोधन कर रहा था.
25 आपराधिक मुकदमे दर्ज
25 आपराधिक मुकदमे दर्ज जांच में सामने आया है कि भगत यादव के खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गया, बोकारो, रांची और अन्य स्थानों पर कुल 25 आपराधिक कांड दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, रंगदारी, अपहरण, लूट, लूट की योजना, लोक सेवकों पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने, शस्त्र अधिनियम और जमीन कब्जा करने से जुड़े मामले शामिल हैं. उसके गिरोह में आयन कुमार, उपेंद्र कुमार शर्मा, रौशन राज, सुरेंद्र यादव, अरुण कुमार उर्फ अरुण कुमार सिंह, प्रेमचंद सिंह, शक्ति कुमार और अन्य लोग शामिल हैं. इनमें से कई मामलों में न्यायालय द्वारा संज्ञान लिया जा चुका है.
राजनीति में लाना चाहता था पत्नी को
इओयू की जांच में यह भी पाया गया कि भगत यादव ने अपनी पत्नी सुनीता कुमारी को राजनीति में स्थापित करने का प्रयास किया. उसके परिवार और गिरोह के सदस्यों के नाम पर संपत्तियां निबंधित करायी गयीं, ताकि अपराध से अर्जित धन को वैध संपत्ति के रूप में दिखाया जा सके.
आठ लग्जरी वाहन, 38 बैंक खाते
भगत यादव के पटना स्थित आवास से 19.50 लाख रुपये नकद, जमीन के तीन दस्तावेज और डोभी स्थित आवास से विभिन्न एग्रीमेंट के 51 दस्तावेज, तीन लाख रुपये नकद और 11 बैंक खाते से संबंधित कागजात बरामद किये गये. उसके सहयोगी रौशन राज के आवास से 15 निबंधन दस्तावेज, आठ बैंक खातों, एलआइसी के पांच कागजात और ज्वेलरी खरीद से संबंधित करीब दो दर्जन रसीदें मिलीं.
51 एग्रीमेंट और ज्वेलरी खरीद की कई रसीदें बरामद
औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित आरोपी सुधीर पांडेय के आवास से 51 लाख रुपये नकद और जमीन के 28 निबंधन दस्तावेज बरामद हुए. इनमें कई दस्तावेज भगत यादव के साथ संयुक्त रूप से निबंधित हैं. झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज स्थित सहयोगियों के आवास से भी जमीन के दस्तावेज और बैंक खातों से संबंधित कागजात मिले. जमीन खरीद से संबंधित 51 एग्रीमेंट और ज्वेलरी खरीद की कई रसीदें बरामद की गयी हैं.
फर्म के नाम दर्ज मिले आठ वाहन
भगत यादव और उसकी फर्म मोनू इंटरप्राइजेज के नाम पर टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, सफारी और हाईवा सहित कुल आठ वाहनों पंजीकृत होने के साक्ष्य मिले हैं. भगत यादव को टोयोटा फॉर्च्यूनर के साथ गिरफ्तार किया गया. 51 पन्नों की गोपनीय डायरी से खुल सकते हैं कई राज छापेमारी में भगत यादव के खास सहयोगी सुरेंद्र यादव के आवास से 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी भी मिली है.
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
डायरी में कई लेन-देन का उल्लेख
डायरी में कई पदाधिकारियों और राजनीति से जुड़े लोगों के साथ वित्तीय लेनदेन का उल्लेख होने की बात सामने आयी है. इओयू अब डायरी में दर्ज तथ्यों का सत्यापन करेगी. जांच एजेंसी का मानना है कि इससे गिरोह के आर्थिक नेटवर्क और उसे संरक्षण देने वालों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. यह कार्रवाई आर्थिक अपराध इकाई, विशेष कार्य बल, गया जिला पुलिस, पटना पुलिस, औरंगाबाद पुलिस और झारखंड के चतरा पुलिस के संयुक्त सहयोग से की गयी.
Also Read: भूदान जमीन पर एक्शन: अवैध पर्चे रद्द कर दर्ज होगी FIR, छह जोन में औचक निरीक्षण की तैयारी