Thursday, 19 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर में पेड़ से टकराकर फर्नीचर कारोबारी की मौत:तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, भाई के सामने हादसा

INT News19 November 2026 at 10:29 am

यमुनानगर के बिलासपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से फर्नीचर कारोबारी की मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई के साथ अलग बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में उसके सिर, दाईं आंख और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। वह मौके पर ही बेहोश हो गया। छोटे भाई ने उसे संभाला और उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खिजराबाद से बिलासपुर लौट रहे थे दोनों भाई पुलिस को दिए बयान में चंदाखेड़ी गांव निवासी रवि कुमार ने बताया कि वे दो भाई और एक बहन हैं। उसका बड़ा भाई मनीष कुमार (28) बिलासपुर अड्डे पर स्थित वाही ट्रेडर्स फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। वह अपनी स्प्लेंडर बाइक पर खिजराबाद से बिलासपुर की तरफ घर जा रहा था। उसका भाई मनीष भी अपनी काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर उसके आगे-आगे चल रहा था। जब वे गांव हाफिजपुर से थोड़ा आगे पहुंचे तो पीछे से खिजराबाद की तरफ से एक युवक तेज रफ्तार में बजाज प्लेटिना बाइक लेकर आया। पीछे से टक्कर लगते ही बाइक से उछलकर पेड़ से टकराया रवि के अनुसार, बाइक सवार ने उसकी बाइक को पार करते हुए उसके सामने चल रहे भाई मनीष की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनीष बाइक से उछलकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर मारने वाला बाइक सवार भी अपनी बाइक सहित सड़क पर गिर गया और उसे भी चोटें आईं। रवि ने बताया कि जब वह अपने भाई को संभालने लगा तो आरोपी बाइक सवार मौका पाकर अपनी बाइक लेकर वहां से फरार हो गया। मनीष के सिर, दाईं आंख और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। वह बेहोश था और उसके नाक व मुंह से खून निकल रहा था। तीन अस्पतालों में लेकर गया, लेकिन नहीं बची जान हादसे के बाद निजी वाहन का इंतजाम किया और अपने भाई को बिलासपुर के बसाती अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने मनीष की गंभीर हालत देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद वह उसे सभरवाल अस्पताल लेकर गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के कारण उपचार करने से मना कर दिया। इसके बाद रवि अपने भाई को गाबा अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहतास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।