Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अनूपपुर में 49 डीआई पाइप चोरी, चालक गिरफ्तार:3.50 लाख की पाइप और ट्रक बरामद, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

INT News6 September 2026 at 05:47 pm

अनूपपुर जिले के नगर परिषद डोला में 'अमृत 2.0' जल प्रदाय योजना के तहत रखी लाखों रुपये की डीआई पाइप चोरी मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक चालक को गिरफ्तार किया है। चोरी में इस्तेमाल आइसर ट्रक सहित 3.50 लाख रुपये कीमत की 49 डीआई पाइप भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार ट्रक चालक इंदौर निवासी 55 वर्षीय अंसार पटेल है। पुलिस घटना में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि 4 सितंबर को उमाशंकर कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि नगर परिषद डोला अंतर्गत बस स्टैंड के पास जल प्रदाय योजना के लिए रखी 49 डीआई पाइप (करीब 3,50,350 रुपये कीमत की) कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सबूत जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध ट्रक की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने इंदौर निवासी ट्रक चालक अंसार पटेल (55 वर्ष), पिता इशाक पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी चालक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर उसने बस स्टैंड के पास रखी डीआई पाइपों को अपने आइसर ट्रक (क्रमांक MP 09 GJ 7865) में लोड किया था। चालक ने पुलिस को उस अज्ञात व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी दिया है। आरोपी ने बताया कि जिस व्यक्ति ने पाइप चोरी करवाकर लोड कराई थी, उसने बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। इस वजह से वह पाइप लेकर अपनी तय जगह तक नहीं पहुंच सका और पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पथरौड़ी के पास से चोरी की गई सभी 49 नग डीआई पाइप और वारदात में इस्तेमाल करीब 20 लाख रुपये की कीमत का आइसर ट्रक जब्त कर लिया है। कार्रवाई और चोरी के सफल खुलासे में थाना रामनगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। इस टीम में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक सनत कुमार द्विवेदी, आरक्षक अनुराग सिंह और आरक्षक अनुराग भार्गव शामिल रहे। फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता की तलाश में जुटी है।